हांसी में कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को जनकल्याणकारी और विकासोन्मुखी बताते हुए उसकी प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा की। कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत बजट प्रदेश के हर वर्ग की अपेक्षाओं पर खरा उतरने वाला है। कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा बजट को काल्पनिक और आंकड़ों का बजट बताए जाने के सवाल पर मंत्री गंगवा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पूरा ध्यान केवल विरोध करने पर रहता है और विपक्ष यह भी स्पष्ट नहीं कर पा रहा कि वह किस बात का और क्यों विरोध कर रहा है। शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने बजट में बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। इससे प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी और आम जनता को सीधे तौर पर लाभ पहुंचेगा। बिजली कंपनी से मिलेगी बेहतर सुविधा : गंगवा किसानों के लिए अलग से बिजली कंपनी बनाने के सवाल पर कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि इससे बिजली विभाग का कार्यभार कम होगा और किसानों को बेहतर विद्युत सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा इसके लिए एक विस्तृत प्रारूप तैयार किया जा रहा है। बजट के एक हिस्से के सरकार के पुराने कर्ज और उसके ब्याज चुकाने में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष कर्ज चुकाने के लिए कम ऋण लिया गया है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार वित्तीय अनुशासन के साथ आगे बढ़ रही है। दूर की जाएगी डॉक्टरों की कमी सरकारी अस्पतालों को निजी अस्पतालों की तर्ज पर अपग्रेड करने और डॉक्टरों की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बड़ी संख्या में एमबीबीएस के छात्र अपनी पढ़ाई पूरी कर सेवा में आएंगे। इससे प्रदेश में डॉक्टरों की कमी काफी हद तक पूरी हो जाएगी। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आभाष अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हांसी कैबिनेट मंत्री गंगवा का हुड्डा पर पलटवार:रणबीर बोले-बजट हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर बनाया, कांग्रेस का काम विरोध करना
