जींद में फैक्ट्री में आग, 4 महिलाओं की मौत:20 मजदूर झुलसे, गेट पर बाहर से लगा था ताला

Spread the love

जींद जिले के सफीदों में शनिवार को होली के गुलाल और रंग बनाने वाली एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो महिला मजदूरों की मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि फैक्ट्री में काम कर रहे 20 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, सफीदों की भाट कॉलोनी में स्थित रंग फैक्ट्री में शुक्रवार को भी आम दिनों की तरह लगभग 30 मजदूर काम कर रहे थे। यहां अचानक आग भड़की और कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में फैल गई। चारों ओर धुआं और आग की लपटें उठने के कारण मजदूरों के बीच चीख-पुकार मच गई। उनको बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास के लोगों ने धुआं उठता देख बचाव कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। रास्ता बंद होने से नहीं निकल सके बाहर : मजदूरों का कहना है कि काम के दौरान फैक्टरी के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। आग लगने के बाद जब मजदूरों ने बाहर निकलने की कोशिश की, तो ताला लगा होने के कारण वे अंदर ही कैद होकर रह गए। बाहरी लोगों ने तोड़ा दरवाजा: बाहर मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने जब स्थिति की गंभीरता को देखा, तो उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा। तब कहीं जाकर कुछ मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। तब तक दो महिलाओं की झुलसने से मौके पर ही मौत हो चुकी थी। अस्पताल में लगी भीड़: फैक्ट्री में आग के बीच से निकाले गए मजदूरों को सफीदों के अस्पताल में लाया गया। कुछ ही देर में यहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कई लोगों की हालत गंभीर है और उनको पानीपत अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। बुरी तरह से झुलसे थे मजूदर हादसे के बाद घायलों को दो एंबुलेंस की मदद से जींद नागरिक अस्पताल लाया गया। पहली एंबुलेंस के जरिए तीन घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें सफीदों निवासी रानी (45), आदर्श कॉलोनी (सफीदों) निवासी जगबीर (40) और निसंग (करनाल) निवासी पवन कुमार (30) शामिल हैं। जगबीर और पवन कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त, सफीदों की शिव कॉलोनी निवासी कश्मीरी (39) और गीता कॉलोनी निवासी कमलेश (54) को भी गंभीर रूप से झुलसी हुई हालत में नागरिक अस्पताल लाया गया। वहीं, सफीदों निवासी एक अन्य घायल बिमला (60) को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। कुछ देर में ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। फिलहाल घटना को लेकर छानबीन चल रही है।