करनाल जिले के घरौंडा के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर के साथ हुई कथित मारपीट के मामले को लेकर मेडिकल एसोसिएशन हरियाणा और पुलिस प्रशासन के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। डॉक्टरों का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार शाम को एडीजीपी करनाल रेंज से मिला और SHO व अन्य चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग रखी। हालांकि एडीजीपी की ओर से विभागीय जांच की बात कही गई, जिससे डॉक्टर संतुष्ट नहीं हुए और आज यानी शनिवार सुबह 9 बजे तक कार्रवाई नहीं होने पर पूरे हरियाणा में ओपीडी सेवाएं बंद करने की चेतावनी दे दी। एडीजीपी से मिले डॉक्टरों के प्रतिनिधि
मेडिकल एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल यादव के नेतृत्व में 4-5 डॉक्टरों का प्रतिनिधिमंडल एडीजीपी करनाल रेंज रवि किरण (आईपीएस) के कार्यालय में पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने घरौंडा के सरकारी अस्पताल में हुई घटना के बारे में विस्तार से चर्चा की और कहा कि SHO और अन्य पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इस पर एडीजीपी रवि किरण ने डॉक्टरों को बताया कि SHO को पहले ही सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा सकती है। अगर डॉक्टर करनाल पुलिस से जांच नहीं करवाना चाहते तो किसी अन्य पुलिस अधिकारी या सिविल अधिकारी से भी जांच कराई जा सकती है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। एडीजीपी ने डॉक्टरों से कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर एक आवेदन दे दें। डॉक्टरों ने इस पर कहा कि वे बाद में आवेदन दे देंगे। मीडिया से बोले प्रदेश अध्यक्ष- जवाब से नहीं मिले संतुष्ट
एडीजीपी से मुलाकात के बाद मेडिकल एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल यादव ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि वे आईजी साहब से मिले, लेकिन उनकी बातों से उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एसोसिएशन ने फैसला लिया है कि शनिवार सुबह 9 बजे तक का इंतजार किया जाएगा। अगर तब तक SHO के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होती और उसे व अन्य पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तो पूरे हरियाणा में ओपीडी सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि हालांकि इमरजेंसी सेवाएं जैसे पोस्टमार्टम, इमरजेंसी और लेबर रूम की सेवाएं जारी रहेंगी। पुलिस को संदेश देने के लिए ओपीडी बंद करने की चेतावनी
डॉ. अनिल यादव ने कहा कि ओपीडी बंद करने का फैसला पुलिस को संदेश देने के लिए है। उन्होंने कहा कि पुलिस में इंसानियत कितनी बची है यह पता नहीं, लेकिन डॉक्टरों में इंसानियत अभी भी बची हुई है। इसलिए जरूरी सेवाओं को बंद नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन केवल FIR दर्ज करने की मांग कर रही है। अगर FIR दर्ज कर दी जाए तो मामला काफी हद तक सुलझ सकता है, लेकिन अभी तक FIR तक दर्ज नहीं की जा रही है। जब तक FIR दर्ज नहीं होगी, तब तक ओपीडी बंद रहेगी। कानून सबके लिए समान होना चाहिए
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अगर SHO ने कानून तोड़ा है तो कानून को अपना काम करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर किसी डॉक्टर या अस्पताल कर्मचारी ने SHO को थप्पड़ मार दिया होता तो क्या कानून इसी तरह चुप रहता। उन्होंने कहा कि अक्सर कहा जाता है कि कानून सबके लिए समान है, लेकिन इस मामले में वह समानता नजर नहीं आ रही। डॉ. अनिल यादव ने यह भी कहा कि अब SHO यह कह रहा है कि डॉक्टर ने उसे गाली दी थी। अगर ऐसा है तो उसका कोई सबूत पेश किया जाए। यदि कोई सबूत नहीं है तो इसका मतलब है कि SHO मनगढ़ंत बात कर रहा है। 4 मार्च को हुई थी पूरी घटना
जानकारी के अनुसार 4 मार्च को घरौंडा के सरकारी अस्पताल में कुछ मरीज मेडिकल कानूनी जांच के लिए आए थे। आरोप है कि उन मरीजों ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर प्रशांत के साथ गलत व्यवहार किया। स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टर ने पुलिस को फोन कर मदद मांगी। अस्पताल स्टाफ के अनुसार फोन पर डॉक्टर और पुलिस के बीच बातचीत हुई। इसी दौरान कथित तौर पर डॉक्टर द्वारा SHO को गाली देने की बात सामने आई। इसके बाद SHO मौके पर अस्पताल पहुंचा और डॉक्टर को थप्पड़ मार दिए। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। 5 मार्च को SHO हुआ सस्पेंड, 6 मार्च को भी जारी रही हड़ताल
घटना के बाद मेडिकल एसोसिएशन ने SHO के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की थी। हालांकि विभाग ने 5 मार्च को SHO को सस्पेंड कर दिया, लेकिन एसोसिएशन FIR दर्ज कराने की मांग पर अड़ी हुई है। 6 मार्च को भी डॉक्टरों की हड़ताल जारी रही। वहीं दूसरी ओर घरौंडा की कई सामाजिक संस्थाएं SHO के समर्थन में सामने आईं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
करनाल में डॉक्टरों ने ADGP से की मुलाकात:SHO समेत अन्य पुलिसकर्मीयों की गिरफ्तारी की मांग, प्रदेश में OPD बंद करने की चेतावनी
