जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने पलवल जिले के गोबिंद नगर स्थित बूस्टिंग स्टेशन में सामने आए लापरवाही के मामले में एसडीओ और जेई को सस्पेंड कर दिया है, साथ ही संबंधित एक्सईन को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। गोबिंद नगर स्थित बूस्टिंग स्टेशन के अंडरग्राउंड वाटर टैंक में डूबने से 26 फरवरी को 12 वर्षीय बच्चे की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गयी थी। मामले में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कड़ा संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। महिला एसडीओ का भी नाम मंत्री के निर्देशों के बाद मामले में विभाग ने एसडीओ प्रीति और जेई रामबीर सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों पर बुनियादी ढांचे की जिम्मेदारी विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को दिए ये निर्देश विभागीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बूस्टिंग स्टेशनों, वाटर टैंकों और संबंधित परिसरों का तत्काल निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। यहां पढ़िए क्या है पूरा मामला 26 फरवरी को पलवल में कैलाश नगर में बन रहे बूस्टर पर खेलते-खेलते एक 11 वर्षीय बच्चे की खुले पानी के टैंक में गिरकर डूबने से मौत हो गई थी। जिला इटावा (उत्तर प्रदेश) के करनगंज निवासी और वर्तमान में कैलाश नगर में रह रही रीना पत्नी जगदीश ने शिकायत दी कि वह वर्ष 2022 से अपने तीन बेटों के साथ किराए के मकान में रहती है। 26 फरवरी की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसका 11 वर्षीय बेटा शिवम घर से खेलने के लिए निकला था। शिवम कैलाश नगर में बन रहे गोविंद नगर बूस्टर पर खेल रहा था। बूस्टर के अंदर पानी के टैंक के ऊपर बने होल पर न तो ढक्कन था और न ही कोई जाली लगी हुई थी। इसी कारण खेलते समय शिवम उस खुले टैंक में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। कई बार की गई थी ढक्कन लगाने की मांग रीना ने बताया कि उन्होंने कई बार निर्माण कार्य कर रही कंपनियों हरिओम इंजिनियर मैसर्ज होरिकाम इंजीनीयर्स और सिल्पा होरिकाम जेवी हैदराबाद से टैंक पर ढक्कन लगाने की मांग की थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ। मृतक शिवम की मां की शिकायत पर हरिओम इंजिनियर मैसर्ज होरिकाम इंजीनीयर्स और सिल्पा होरिकाम जेवी हैदराबाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106, 282 और 290 के तहत केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
पलवल जनस्वास्थ्य विभाग के SDO और जेई सस्पेंड:वाटर टैंक में डूबने का मामला; मंत्री गंगवा का एक्सईन को भी नोटिस
