कोलकाता के ईडन गार्डन्स में टी-20 वर्ल्ड कप का आखिरी सुपर-8 मैच आज भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है। इस महत्वपूर्ण मुकाबले को दोनों टीमों के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति माना जा रहा है। अंकतालिका में स्थिति मजबूत करने के लिए जीत बेहद जरूरी है, ऐसे में खिलाड़ियों पर दबाव भी साफ नजर आ रहा है। सुपर-8 स्टेज में 1-1 जीत से दोनों के पास 2-2 पॉइंट्स हैं। दोनों टीमों को साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा है। आज जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर खत्म हो जाएगा। इस मैच को लेकर मध्यप्रदेश में भी खासा उत्साह है। बड़े रेस्टोरेंट, कैफे और स्पोर्ट्स बार में बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगी हैं। कई जगहों पर ग्रुप बुकिंग कर मैच देखे जा रहे हैं। युवाओं से लेकर परिवारों तक सामूहिक रूप से मैच देख रहे हैं। शाम होते-होते प्रमुख बाजारों और खानपान स्थलों पर भीड़ बढ़ने लगी थी। भीड़ को देखते हुए प्रमुख बाजारों और मॉल क्षेत्र में अतिरिक्त पार्किंग और यातायात प्रबंधन की तैयारी की गई है। पुलिस और नगर निगम के अमले को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। मुकाबले की रणनीति पर नजर भारत की बल्लेबाजी लाइनअप इस टूर्नामेंट में अब तक संतुलित प्रदर्शन करती आई है, जबकि वेस्ट इंडीज की टीम अपनी आक्रामक शैली के लिए जानी जाती है। पावरप्ले और डेथ ओवरों में प्रदर्शन मैच का रुख तय कर सकता है। गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ और फील्डिंग भी निर्णायक भूमिका निभाएगी।
भारत VS वेस्टइंडीज ‘करो या मरो’ मुकाबला:एमपी में उत्साह का माहौल; कैफे-स्पोर्ट्स बार में जुटे क्रिकेट प्रेमी
