जींद के झमोला सेंटर का पेपर रद्द:परीक्षा केंद्र भी बदला, नया स्टाफ होगा नियुक्त, 10वीं के हिंदी एग्जाम के उत्तर मिले

Spread the love

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. (प्रो.) पवन कुमार ने बताया कि बोर्ड द्वारा संचालित अध्यक्ष विशेष आरएएफ उड़नदस्ता द्वारा जींद जिले के परीक्षा केंद्र पीएसपीएम माध्यमिक विद्यालय झमोला पर छापेमारी के दौरान केंद्र पर नियुक्त सेवादार के मोबाइल में सेकेंडरी हिन्दी विषय की परीक्षा से संबंधित ‘डी’ कोड की उत्तरकुंजी पाई गई थी। इसके अतिरिक्त केंद्र पर काफी अनियमितताएं देखने को मिली। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा इस मामले में कार्रवाई करते हुए सेवादार के खिलाफ FIR दर्ज करवा दी थी। बोर्ड प्रशासन ने परीक्षा नकल होने के कारण पीएसपीएम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झमोला परीक्षा केंद्र पर 28 फरवरी को हुई हिंदी विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया है। केंद्र पर नियुक्त समस्त स्टाफ को तुरन्त प्रभाव से काम से हटा दिया है। अब राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुलाना में होंगे एग्जाम
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा केंद्र पीएसपीएम व.मा.वि.,झमोला को 10वीं और 12वीं परीक्षा के लिए नए परीक्षा केन्द्र राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुलाना-02 (बी-02) पर शिफ्ट कर दिया है। अब 3 मार्च से 12वीं और 5 मार्च से 10वीं कक्षा की परीक्षाएं नए परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुलाना-02 (बी-02) पर संचालित होंगी। सेंटर पर नया स्टॉफ लगाने के निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी जींद को निर्देश दिए गए है कि वह नए परीक्षा केन्द्र पर नया स्टाफ (केंद्र अधीक्षक, उप-केंद्र अधीक्षक, पर्यवेक्षक अमला, लिपिक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) की नियुक्ति करना सुनिश्चित करें। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा बोर्ड विशेष तौर पर नकल रहित परीक्षाओं के संचालन को लेकर अति सवेंदनशील है। इसलिए शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए परीक्षाओं में अनुचित साधनों के प्रयोग पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाएं जा रहे हैं।