चरखी दादरी जिले के एक गांव की नाबालिग छात्रा की मौत मामले में पुलिस ने हत्या की धारा हटाई है। वहीं आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धारा को जोड़ा है। पुलिस के अनुसार नाबालिग छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। वहीं पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रोहतक जिले के गांव बनियानी निवासी साहिल उर्फ भोंडी, गांव डोभ निवासी पंकज उर्फ भोलू उर्फ साहिल और चरखी दादरी जिले के गांव मांढी केहर निवासी नवीन के रूप में हुई है। चरखी दादरी में स्कूली छात्रा के साथ गैंगरेप कर हत्या के आरोपों के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार छात्रा की हत्या नहीं की गई थी, बल्कि उसने जहर खाकर आत्महत्या की थी। मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने हत्या की धारा को सुसाइड धारा में इजाद किया गया है। वहीं रेप मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। गैंगरेप और मर्डर के लगाए थे आरोप
डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 24 फरवरी को बाढड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 10वीं कक्षा की छात्रा दादरी के रोज गार्डन में बेहोशी की हालत में मिली थी। गंभीर अवस्था में उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने आरोप लगाया था कि युवती के साथ गैंगरेप कर उसे जहर देकर हत्या की गई है। डीएसपी सुभाष चंद्र ने मामले को लेकर अहम खुलासे किए। डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर यह हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या का मामला है। इसी के चलते पुलिस ने हत्या की धारा हटाकर आत्महत्या से संबंधित धाराएं जोड़ दी हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्रा की इंस्टाग्राम के माध्यम से कुछ युवकों से दोस्ती हुई थी। इन्हीं दोस्तों से मिलने के लिए वह दादरी आई थी। घटनाक्रम से जुड़े कई अहम तथ्य और डिजिटल साक्ष्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
चरखी दादरी छात्रा मौत मामले में मर्डर की धारा हटाई:जहर खाकर सुसाइड का दावा, 3 आरोपी गिरफ्तार, रोहतक PGI में तोड़ा था दम
