बेटी के शव को अबीर-गुलाल लगाया, लिपटकर रो पड़ी मां:बोलीं- उसका कमरा खोलने की हिम्मत नहीं, खौलते पानी में गिरने से हुई थी मौत

Spread the love

बाराबंकी में 7 साल की मासूम वैष्णवी की मौत के बाद शनिवार को ऐसा मंजर दिखा, जिसने हर किसी की आंखों को नम कर दिया। 3 दिन बाद होने वाली होली से पहले जब बेटी की अर्थी घर पहुंची, तो पूरा गांव फफक पड़ा। जिस बिटिया के साथ होली में रंग खेलने की तैयारी थी, आज उसी की अंतिम विदाई की गई। गांव की गलियों में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर चेहरा गमगीन था, हर जुबान पर एक ही दुआ, भगवान ऐसा दर्द किसी को न दे। दरअसल, खौलते पानी में गिरने से बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई थी। लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद शनिवार को उसकी मौत हो गई। बच्ची की अंतिम विदाई पर बिलखते हुए परिवार ने अपनी लाडली के चेहरे और शरीर पर अबीर-गुलाल लगाया। होली के रंगों से सराबोर होकर जब बेटी अंतिम यात्रा पर निकली, तो वहां मौजूद हर शख्स रोने लगा। पुलिस की मौजूदगी में बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया। मामला कोटवाधाम इलाके का है। अब जानिए पूरा मामला… कोटवाधाम में संजय गुप्ता रहते हैं। 22 फरवरी की सुबह उनकी बेटी वैष्णवी गांव के ही शिवप्रसाद गुप्ता की दुकान पर मैगी लेने गई थी। दुकानदार वहां खोया (मावा) बनाने का काम भी करता है। इसके चलते दुकान के पास खौलते पानी के बड़े-बड़े भगोने रखे थे। बच्ची खौलते पानी के भगोने में गिरी
मैगी पकड़ते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से वैष्णवी खौलते पानी के भगोने में जा गिरी। हादसे में वह करीब 60 फीसदी तक झुलस गई। घरवालों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल और फिर लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां उसे ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती किया गया था। एक हफ्ते इलाज के बाद बच्ची की हो गई मौत
एक सप्ताह तक आईसीयू में जिंदगी और मौत के लिए संघर्ष करने के बाद शनिवार को उसकी सांसें थम गईं। गांव पहुंचने पर घरवालों ने परंपरा और स्नेहवश बेटी को होली के रंग लगाकर विदा किया। बच्चे के चेहरे पर लगा गुलाल उसकी अधूरी रह गई खुशियों की दास्तां बयां कर रहा था। वहीं, क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात की गई। सीओ रामनगर गरिमा पंत की मौजूदगी में बच्ची का अंतिम संस्कार कराया गया। मां बोली- ऊपर बिटिया का कमरा, खोलने की हिम्मत नहीं
वैष्णवी की मां गीता गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल है। कांपती आवाज में वह बस इतना कह पा रहीं- ऊपर बिटिया का कमरा है… कोई खोलने की हिम्मत नहीं कर रहा। डर लगता है। लगता है, जान निकल जाएगी। वह कमरा आज भी वैसा ही है, खिलौनों से भरा। रंगीन कपड़ों और मासूम सपनों से सजा। मां बार-बार कहती है कि इस बार होली में बिटिया खूब रंग खेलेगी, पूरे गांव-मोहल्ले में घूमेगी। हंसमुख, सब से दोस्ती करने वाली बच्ची थी
गांववालों के लिए वैष्णवी सिर्फ बच्ची नहीं थी, वह हर किसी की दुलारी थी। हंसमुख, सबसे दोस्ती करने वाली, हर घर में अपनी पहचान छोड़ जाने वाली। बच्चे उसे ढूंढते रहे, महिलाएं उसकी याद में फूट-फूट कर रोती रहीं। अंतिम संस्कार के दौरान जब लोगों ने गुलाल लगाकर उसे अंतिम विदाई दी, तो देखने वालों के भी आंसू छलक पड़े। ————————- यह खबर भी पढ़ें केशव मौर्य को ब्रिटेन ने वीजा नहीं दिया, डिप्टी CM जर्मनी से लखनऊ लौट रहे; योगी ने 2.5 लाख करोड़ के निवेश जुटाए यूपी के डिप्टी सीएम यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) का दौरा रद्द कर लखनऊ लौट रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ब्रिटेन ने वीजा नहीं दिया है। इसलिए डिप्टी CM ने ब्रिटेन का दौरा कैंसिल कर दिया है। वीजा के लिए भारत सरकार की तरफ से NOC दी गई थी। फिलहाल, ब्रिटेन ने वीजा क्यों नहीं दिया, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। पढ़िए पूरी खबर…