हांसी में पैसेंजर ट्रेन की बोगी में लगी आग:यात्रियों में मची अफरा-तफरी, सीटे जलकर राख, रेल प्रशासन की सतर्कता से काबू पाया

Spread the love

हांसी में शनिवार शाम करीब 4:30 बजे भिवानी से धुरी जा रही पैसेंजर ट्रेन के एक डिब्बे में आग लग गई। ट्रेन के डिब्बे से धुआं उठता देख यात्रियों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के गार्ड ने तुरंत इसकी सूचना हांसी रेलवे स्टेशन प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही स्टेशन स्टाफ अग्निशमन यंत्रों के साथ पूरी तरह सतर्क हो गया। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची, रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने संबंधित बोगी में सवार यात्रियों को बिना देर किए सुरक्षित नीचे उतार लिया। फायर ब्रिगेड की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई। घटना की जानकारी रेलवे के उच्च अधिकारियों को दी गई हांसी रेलवे स्टेशन के पॉइंट मैन मिंटू मीणा ने बताया कि वायरलेस पर सूचना मिलते ही अग्निशमन नियंत्रण कक्ष और फायर ब्रिगेड को अलर्ट कर दिया गया था। स्टेशन स्टाफ ने आपसी समन्वय से पहले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की और उसके बाद आग पर नियंत्रण पाया। घटना की जानकारी रेलवे के उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है। आग बुझाने के बाद गाड़ी को किया रवाना आग बुझाने और आवश्यक जांच के बाद ट्रेन को उसके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी