कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में 11 साल का बच्चा हाई-वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गया। इससे बच्चा बुरी तरह से झुलस गया और उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उधर, परिवार ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक बच्चे की पहचान केशव निवासी लक्की कॉलोनी के रूप में हुई। केशव अपने भाई और बहन में सबसे छोटा था। केशव के माता-पिता शादी-पार्टी में खाना बनाने का काम करते थे। बेटे के मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे की मौत से पूरी कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है। साथ ही बिजली निगम के खिलाफ रोष पनप रहा है। मकान की छत पर खेल रहा था केशव परिवार के मुताबिक, केशव शनिवार शाम को अपने घर की छत पर खेल रहा था। उसकी मां और दोनों भाई-बहन घर में नीचे बैठे हुए थे। इसी दौरान केशव को घर की छत के पास से गुजर रही हाई-वोल्टेज तार पर कबूतर बैठा दिखा, जिसे उसने लोहे की रॉड से उड़ाने की कोशिश की। इसी दौरान लोहे की रॉड बिजली की तारों टच हो गई। जोर का धमाका हुआ जैसे ही रॉड तारों की चपेट आई तो जोर से धमाका हुआ, जिससे आसपास के लोग डर गए और अपने-अपने घर से बाहर निकल आए। आसपास के लोगों ने किसी तरह केशव को छुड़ाया, लेकिन तब तक केशव बुरी तरह से झुलस चुका था। पड़ोसी उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आसपास के घरों की बिजली गुल धमाके के बाद आसपास के घरों की बिजली गुल हो गई। कई घरों की बिजली की फिटिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया और फिटिंग खराब हो गई। घटना के बाद छत पर पड़े केशव के कपड़ों से काफी देर तक धुआं उठता रहा। बाद में उनमें आग लग गई। कॉलोनी के लोगों में रोष केशव के परिवार और कॉलोनी के लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का लगाया है। उन्होंने केशव की मौत के पीछे विभाग को जिम्मेदार बताया है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि हमने कई बार विभाग को शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कॉलोनी में कई घरों के पास से तारें गुजर रही हैं। कई जगह तारें काफी नीचे लटक रही हैं।
कुरुक्षेत्र में करंट लगने से बच्चे की मौत:हाई-वोल्टेज तार पर बैठे कबूतर को उड़ाते वक्त हादसा, तेज धमाका होने से सहमे लोग
