कुरुक्षेत्र में चार बच्चों के पिता की हत्या:खेत में मिला शव, गले पर मिले चोट के निशान, दो दिन पहले घर से निकला

Spread the love

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के धुराला गांव में चार बच्चों के पिता की हत्या कर दी गई। उसका शव गांव के पास ही खेत से बरामद हुआ। उसके गले पर चोट के निशान थे। सूचना पाकर मौके पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तीन डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया है। मृतक की पहचान जयभगवान उर्फ काला (40) निवासी धुराला गांव के रूप में हुई। जयभगवान मेहनत-मजदूरी का काम करता था। जयभगवान 25 फरवरी की रात करीब 9 बजे अचानक लापता हो गया था। जयभगवान वापस नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी। अगले दिन गांव के पास ही खेत से उसका शव बरामद हो गया। दोपहर को मिली सूचना- कर्मजीत कर्मजीत उर्फ मुंदरी ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई जयभगवान रात करीब 9 बजे घर से गांव की तरफ गया था। अगली दोपहर करीब 3 बजे गांव के ही सुमीत और विशाल उसके घर आए, जिन्होंने बताया कि उसका भाई खेत में ट्यूबवेल कोठा के पीछे पड़ा हुआ है। वह उनके साथ घटनास्थल पर पहुंचा तो उसके भाई का शव पड़ा मिला। गले पर मिले चोट निशान कर्मजीत ने बताया कि शव देखकर साफ लग रहा था कि उसके भाई की हत्या हुई है, क्योंकि गले पर चोट के निशान हैं। उसने तुरंत पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया। उसके भाई के पास तीन बेटी और एक बेटा है। उसका भाई नशा भी करता था। किसी ने उसके भाई की गले पर चोट मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला किया दर्ज- मांगे राम थाना झांसा के SHO मांगे राम ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया। हालांकि मौत की वजह साफ नहीं हुई है। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट से मौत की वजह साफ होगी। परिवार ने किसी पर कोई शक नहीं जताया है। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।