मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में लिव इन पार्टनर के छोटे भाई ने महिला को पीट-पीटकर मार डाला। वहीं महिला की 14 साल की बेटी से उसके पार्टनर ने नशे में रेप किया। वारदात के बाद भाग गया। बच्ची अपनी मां की लाश के पास बैठकर रातभर रोती रही। मामला शहपुरा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मृतक महिला की उम्र करीब 35 साल है। महिला को मारने वाले आरोपी का नाम छोटू चौधरी (40) है, जबकि बच्ची से रेप करने वाले महिला के लिव इन पार्टनर का नाम हरिओम चौधरी है। घर से नहीं निकलीं मां-बेटी, पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया
स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे मां-बेटी घर से बाहर नहीं निकलीं। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खोला तो घर के अंदर महिला लहूलुहान हालत में मृत पड़ी थी। पास ही उसकी नाबालिग बेटी सहमी बैठी थी। इस दौरान पुलिस ने लड़की को तत्काल शहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बच्ची की हालत खतरे से बाहर है। वहीं पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्डर स्पॉट और घर को सील कर दिया है। विवाद के बाद पीटा, खून से सन गई थी मां
रेप पीड़िता ने बताया कि 2 दिन पहले हरिओम चौधरी का छोटा भाई छोटू चौधरी घर आया था। किसी बात को लेकर मेरी मां से विवाद करने लगा। बहस बढ़ने पर मां से मारपीट की। लोहे की रॉड से सिर पर कई वार किए, जिससे मां खून से सन गई थी। पीड़िता ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी महिला को अस्पताल नहीं ले गया। घर पर ही मरहम पट्टी करने लगा। हालत बिगड़ने पर बुधवार को मां की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने मुझे डराया-धमकाया। आरोपी छोटू मौके से फरार हो गया। नशे में धुत पहुंचा महिला का लिव इन पार्टनर, बच्ची से रेप किया
रेप पीड़िता ने पुलिस को बताया कि हरिओम चौधरी नशे की हालत में घर पहुंचा। मां टॉयलेट के पास मृत हालत में पड़ी थी, लेकिन उसने मां की स्थिति को नजरअंदाज किया। बच्ची को देखकर उसकी नीयत बिगड़ गई। बच्ची को पकड़कर कमरे में ले गया और रेप किया। बाहर से दरवाजे की कुंडी लगाकर फरार हो गया। 4 महीने से लिव इन में रह रही थी महिला
शहपुरा पुलिस के मुताबिक महिला मूल रूप से शहपुरा क्षेत्र की रहने वाली थी। उसकी शादी उमरिया जिले में हुई थी। करीब एक साल पहले उसके पति की करंट लगने से मौत हो गई थी। इसके बाद वह मजदूरी के लिए जबलपुर में रहने लगी। करीब छह महीने पहले उसकी पहचान हरिओम चौधरी से हुई थी। हरिओम पेशे से ड्राइवर है। बातचीत बढ़ी और दोनों साथ रहने लगे। करीब चार महीने पहले महिला अपनी बेटी के साथ हरिओम के घर में रहने लगी थी। आरोपियों को पकड़ने के लिए स्पेशल टीम गठित
शहपुरा पुलिस ने बताया कि बालाघाट से फोरेंसिंक की टीम आई थी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाएं हैं। आरोपी हरिओम चौधरी और उसके भाई छोटू चौधरी के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम गठित की गई है।
मां को पीट-पीटकर मार डाला…बेटी से रेप किया:लाश के पास बैठकर रातभर रोई नाबालिग; महिला के लिव-इन पार्टनर और उसके भाई ने की वारदात
