हरियाणा में जीजा कहने वाला ड्राइवर बोला-गुस्से में निकले शब्द:किसी को नहीं खुद को कहा; विभाग ने बैठाया घर, जीएम बोले-अभद्रता बर्दाश्त नहीं

Spread the love

हरियाणा रोडवेज की किलोमीटर स्कीम बस के ड्राइवर का टैक्सी ड्राइवर से विवाद और गाली-गलौज का मामला तूल पकड़ गया है। 12 फरवरी को बसताड़ा टोल के पास हुई घटना के 2 वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने ड्राइवर को हटा दिया। अब ड्राइवर ने इस मामले को लेकर सामने आकर माफी मांगी है और कहा कि उससे गुस्से में गलत शब्द निकले। लेकिन उसने किसी और को नहीं बल्कि खुद को कहा था। वहीं उसने दूसरे वायरल वीडियो पर आकर भी सफाई दी है। ड्राइवर ड्राइवर बोला- सिचुएशन ऐसी बन गई थी कि गुस्सा आ गया करनाल के नडाना गांव निवासी ड्राइवर दीपक हरियाणा रोडवेज में किलोमीटर स्कीम के तहत काम करता है। उसने कहा कि जिस दिन घटना हुई, वह दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहा था। बसताड़ा टोल पार करने के बाद जैसे ही वह कुटेल फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो पहली लेन में एक टैक्सी चल रही थी और बीच वाली लेन में दो-तीन ट्रक थे। दीपक के अनुसार उसने रास्ता लेने के लिए टैक्सी को दो-तीन बार हॉर्न दिया, लेकिन टैक्सी ड्राइवर ने साइड नहीं दी। जब बस और ट्रक के बीच थोड़ी जगह बनी तो उसने कार को ओवरटेक किया, लेकिन आगे फिर ट्रक आ गया और कार ड्राइवर ने उसे आगे निकलने नहीं दिया। उसका कहना है कि टैक्सी ड्राइवर ने एक्सीलेटर दबाकर कार बस के बराबर में लगा दी। मजबूरी में उसे कट मारकर बस आगे निकालनी पड़ी। उसने दावा किया कि उस समय किसी भी वाहन से टक्कर नहीं हुई। आरोप- कार ड्राइवर ने बस के आगे ब्रेक लगाई दीपक ने बताया कि ओवरटेक करने के बाद टैक्सी ड्राइवर ने बस को फिर ओवरटेक किया और बस के आगे कार लगाकर बार-बार ब्रेक लगाने लगा। इससे उसे बस रोकनी पड़ी। उसने आरोप लगाया कि कार ड्राइवर ने उसके साथ हाथापाई की। इस दौरान दूसरी बसें भी रुक गईं और लोगों ने बीच-बचाव कर समझौता कराया। दीपक का कहना है कि वायरल वीडियो उसी समय का है, जब उसकी बस बीच वाली लेन में थी। उसने कहा कि कार ड्राइवर वीडियो भी बना रहा था, जिससे वह और परेशान हो गया। गुस्से में उसके मुंह से “जीजा” शब्द निकल गया। उसने कहा कि वह मानता है कि उससे गलत शब्द निकले और इसके लिए वह माफी मांगता है। घर में मुझे भाई, बेटा या नाम से बुलाते हैं दीपक ने सफाई देते हुए कहा कि घर में उसे जीजा नहीं कहा जाता, बल्कि भाई, बेटा या नाम लेकर बुलाया जाता है। उसने कहा कि जो शब्द निकले, वह किसी और के लिए नहीं थे।उसने बताया कि विभाग ने उसे घर बैठा दिया है। मधुबन थाने से भी उसे कॉल आया था कि उसके खिलाफ शिकायत हुई है और थाने में आकर बयान देने को कहा गया है। डायल-112 पर भी बुलाया गया था पुलिस दीपक के अनुसार जब डायल-112 की टीम करनाल बस स्टैंड पर पहुंची थी, तब सवारियों ने पुलिस को बताया था कि ड्राइवर की कोई गलती नहीं है और टैक्सी ड्राइवर ही विवाद कर रहा है। उसका कहना है कि जब टैक्सी ड्राइवर बस स्टैंड पर नहीं पहुंचा तो वे बस लेकर निकल गए। दूसरे वायरल वीडियो पर भी दी सफाई दूसरे 26 सेकंड के वायरल वीडियो को लेकर दीपक ने कहा कि वह वीडियो दिल्ली आईएसबीटी का है। उस यात्री को समालखा उतरना था। दीपक के अनुसार यात्री ने शराब पी रखी थी और बस के बोनट पर आकर बैठ गया था। जब उसने दिल्ली में काउंटर पर बस लगाई और उतरने लगा तो उसने यात्री से कहा कि पूरी बस खाली है, वह पीछे किसी सीट पर बैठ जाए। उसने दावा किया कि उसने यात्री से कहा था कि उसे समालखा उतार दिया जाएगा, लेकिन यात्री बहस करने लगा और फोन निकालकर वीडियो बनाने लगा। गुस्से में उसने कह दिया कि नहीं उतारेंगे। दीपक का कहना है कि वायरल वीडियो अधूरा सच दिखाता है और पूरी कहानी कुछ और है। क्या है पूरा मामला 12 फरवरी को करनाल में हरियाणा रोडवेज की एक किलोमीटर स्कीम बस और टैक्सी के बीच कट मारने को लेकर विवाद हुआ। पानीपत के नैन गांव निवासी विशाल ने आरोप लगाया कि वह दिल्ली से एक परिवार को लेकर पंजाब जा रहा था। बसताड़ा टोल प्लाजा के पास कुरुक्षेत्र डिपो की तेज रफ्तार बस (HR 65GV 4493) ने उसकी अर्टिगा कार को कट मारा, जिससे कार पलटते-पलटते बची। जब उसने बस रुकवाकर ड्राइवर को समझाने की कोशिश की तो ड्राइवर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जो करना है कर ले, जान से मार दूंगा विशाल ने आरोप लगाया कि ड्राइवर ने उसे धमकी दी कि “जो तुझसे होता हो कर ले, तुझे जान से मार दूंगा।” उसने डायल-112 पर कॉल की। पुलिस ने पहले बताया कि बस को करनाल बस स्टैंड पर रोक लिया गया है। जब वह वहां पहुंचा तो न बस मिली और न पुलिस। विशाल का कहना है कि बाद में पुलिसकर्मियों ने कहा कि उन्होंने ड्राइवर को समझा दिया है। उसने मधुबन थाने में लिखित शिकायत भी दी। कार्रवाई न होने पर उसने वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में क्या दिख रहा करीब 52 सेकंड के वीडियो में टैक्सी ड्राइवर कहता दिखाई दे रहा है कि बस ड्राइवर जानबूझकर कर रहा है और नुकसान हो जाएगा। वह कार से उतरकर बस ड्राइवर के पास जाता है। बस का पिछला हिस्सा कार से सटा हुआ दिखता है। बस ड्राइवर अभद्र इशारा करते हुए कहता है कि जो करना है कर लो। जब टैक्सी ड्राइवर नाम पूछता है तो ड्राइवर जवाब देता है कि घरवाले उसे प्यार से जीजा कहते हैं। इसके बाद वह गाली देते हुए फोड़ देने की बात करता है। 26 सेकंड के वीडियो में यात्री से बहस दूसरे वायरल वीडियो में एक यात्री और ड्राइवर के बीच बहस दिखाई देती है। यात्री पूछता है कि उसे समालखा उतारोगे या नहीं। ड्राइवर कहता है कि नहीं उतारता, जो करना है कर ले। यात्री कहता है कि हम घर से फालतू नहीं आए। इस पर ड्राइवर कहता है कि जिनको घर में कोई नहीं पूछता, वही ऐसे होते हैं। वीडियो में यात्री का चेहरा साफ नहीं दिखता। बीच में अन्य यात्री भी बोलते सुनाई देते हैं। जीएम शेर सिंह बोले- कार्रवाई की गई वीडियो वायरल होने के बाद कुरुक्षेत्र रोडवेज डिपो के जीएम शेर सिंह ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि बस किलोमीटर स्कीम के तहत थी, इसलिए ठेकेदार को निर्देश देकर ड्राइवर को हटा दिया गया है। उन्होंने साफ कहा कि विभाग में इस तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छोटे वाहन ड्राइवर पर भी लगाया आरोप दीपक ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकतर गलती छोटे वाहन ड्राइवर करते हैं। उसका कहना है कि बड़े वाहन ड्राइवर नियमों का पालन करते हैं, जबकि छोटे वाहन वाले अचानक कट मार देते हैं। हालांकि इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। जांच के बाद ही साफ होगी तस्वीर फिलहाल मामला पुलिस के पास है। मधुबन थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। ड्राइवर दीपक ने माफी मांगते हुए कहा है कि उससे गलती हुई है और वह भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं आने देगा। वहीं टैक्सी ड्राइवर विशाल का कहना है कि उसे न्याय चाहिए और ऐसे व्यवहार पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अब देखना होगा कि जांच के बाद विभाग और पुलिस क्या कदम उठाते हैं। हालांकि पुलिस की तरफ से इस मामले में कोई ब्यान सामने नहीं आया है।