रोहतक में जिला विकास भवन जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में हुई ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में भाजपा कार्यकर्ता और कांग्रेस विधायकों के बीच बहस हो गई। मीटिंग की अध्यक्षता पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने की। वहीं, एक फरियादी भावुक होकर अधिकारियों पर काम की पेमेंट न करने के आरोप लगाता रहा। राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा, शकुंतला खटक व बलराम दांगी और मेयर रामअवतार वाल्मीकि मौजूद रहे। ग्रीवेंस की मीटिंग में 16 एजेंडे रखे गए, जिनमें से 14 एजेंडों का मौके पर ही समाधान किया गया। वहीं, 2 एजेंडों को अगली मीटिंग के लिए पेंडिंग रखा गया। कलानौर हलके में निगम का काम जीरो ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग में कलानौर हलके के गांवों में नगर निगम द्वारा किए गए कामों को लेकर जब सवाल किया तो विधायक कलानौर शकुंतला खटक ने पेन से कागज पर जीरो बनाकर मंत्री को दिखाते हुए कहा कि कलानौर के गांवों में नगर निगम का काम जीरो है। कोई काम नगर निगम नहीं कर रहा। सीएचसी में नहीं गर्भवती महिलाओं के लिए सुविधा कलानौर की विधायक शकुंतला खटक ने ग्रीवेंस की मीटिंग में कहा कि सीएचसी की सरप्राइज विजिट की थी। वहां एक गर्भवती महिला तड़प रही थी, जिसे देखने वाला कोई डॉक्टर नहीं था। सीएमओ को फोन पर लाइव दिखाया था। कैसे व्यवस्था में सुधार होगा। महम विधायक के साथ भाजपा कार्यकर्ता की हुई बहस ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य ने जब किलोई हलके में 2 कोरम सड़क की बात कही तो मंत्री ने जवाब दिया कि अपने हलके के विधायक को लिखकर दो। इस पर ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य व भाजपा कार्यकर्ता ने कहा कि हलके के विधायक भूपेंद्र सिंह हुड्डा तो कभी आते ही नहीं। उनके बूथ से वह हारे थे तो वह काम क्यों करवाएंगे। ग्रीवेंस कमेटी के एक सदस्य ने उठते हुए कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के तो लापता होने के पोस्टर लगवाने पड़ेंगे। इस पर महम के विधायक बलराम दांगी ने कहा कि ऐसा क्यों बोल रहे हो। कभी भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मिलने की कोशिश भी की है। पहले जाकर मिलो, उसके बाद कुछ बोलो। इसी बात पर दोनों के बीच बहस हो गई। एमपी रामचंद्र जांगड़ा व कलानौर विधायक के बीच भी हुई बहस राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा व कलानौर विधायक शकुंतला खटक के बीच भी एक मुद्दे को लेकर बहस हो गई। रामचंद्र जांगड़ा कुछ बोल रहे थे, इसी दौरान विधायक शकुंतला खटक ने उन्हें बीच में ही टोक दिया और दोनों के बीच बहस होने लगी। 16 में से 14 एजेंडों का किया समाधान ग्रीवेंस की मीटिंग में 16 एजेंडे रखे गए, जिनमें से 14 एजेंडों का मौके पर ही समाधान किया गया। दो एजेंडों में कमेटियों का गठन भी किया गया। इसके अलावा दो एजेंडों को पेंडिंग रखा गया, जिन्हें अगली मीटिंग में फिर से लिया जाएगा।
रोहतक में ग्रीवेंस मीटिंग में भिड़े MLA- भाजपा कार्यकर्ता:नगर निगम के काम को विधायक ने बताया जीरो, बोलीं-गर्भवती महिला के लिए नहीं सुविधा
