सोनीपत में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दिल्ली मेन हाईवे की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने सामने से टक्कर मार दी, जिससे एक युवक घायल हो गया। घायल को दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल शालीमार बाग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान चंदन (23) निवासी गांव टोकसीपुर, जिला मधेपुरा (बिहार) के रूप में हुई है, जो अपने बड़े भाई के साथ जाटी रोड पर सब्जी की दुकान करता था। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसका छोटा भाई चंदन रात करीब 8 बजे अपनी-अपनी सब्जी की दुकान बंद कर गांव जाटी में एक जानकार की बहन की शादी में मोटरसाइकिल पर गए थे। रात करीब 10:30 बजे खाना खाकर दोनों घर लौट रहे थे। बाइक अमित चला रहा था। जैसे ही वे सोलर कंपनी के पास पहुंचे, दिल्ली मेन हाईवे की तरफ से तेज गति और लापरवाही से आ रही बाइक (DL 10 SG 8448) ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सड़क पर गिरे दोनों भाई हादसे में अमित बाइक से दूर जा गिरा जबकि चंदन बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। अमित को भी चोटें लगीं, लेकिन उसने हिम्मत जुटाकर आरोपी बाइक का नंबर नोट कर लिया। आरोपी चालक की पहचान विकास निवासी बरलाजत, थाना शामली (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी राजीव कॉलोनी, नरेला दिल्ली के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से आरोपी को मौके पर पकड़ा गया, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर बाइक छोड़कर फरार हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित घायल चंदन को तुरंत निजी वाहन से दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल शालीमार बाग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों भाई मेहनत-मजदूरी कर सब्जी बेचकर अपना जीवन यापन कर रहे थे। दिल्ली पुलिस थाना शालीमार बाग से सूचना मिलने के बाद कुण्डली थाना पुलिस हरकत में आई। अमित कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर थाना कुण्डली में धारा 281 व 106 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच SI महेंद्र को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी विकास की तलाश में जुटी है। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ 23 वर्षीय चंदन अपने परिवार का सहारा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव टोकसीपुर (बिहार) में भी शोक की लहर है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
सोनीपत में तेज रफ्तार दो बाइकों में भिड़ंत:युवक की मौत, भाई के साथ शादी समारोह से लौट रहा था, आरोपी मौके से फरार
