करनाल में फर्जी धान खरीद पर कृषि मंत्री की चेतावनी:श्याम सिंह राणा बोले- दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा, कांग्रेस पर साधा निशाना

Spread the love

करनाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के कृषि मंत्री ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील, विपक्ष के रवैये और मंडियों में कथित फर्जी धान खरीद जैसे मुद्दों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की मौजूदगी में सार्वजनिक मंचों की गरिमा बनाए रखना सभी दलों की जिम्मेदारी है। साथ ही स्पष्ट किया कि धान खरीद मामले में जांच के बाद जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक कार्यक्रमों में परिपक्वता दिखाना जरूरी है। उन्होंने विपक्ष से अपेक्षा जताई कि वह रचनात्मक भूमिका निभाए और प्रदेश व देश के हितों को प्राथमिकता दे। उनका कहना था कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि मजबूत रहनी चाहिए। फर्जी धान खरीद पर सख्ती मंडियों में कथित फर्जी धान खरीद के सवाल पर मंत्री ने दो टूक कहा कि, कानून सबके लिए समान है। सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शनी में दिखी नई तकनीक की झलक कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदर्शनी में आधुनिक कृषि यंत्र, उन्नत बीज, डेयरी तकनीक, श्रेष्ठ पशु नस्लें और पशुपालन से जुड़ी शोध आधारित जानकारियां किसानों और पशुपालकों के लिए उपयोगी साबित होंगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन भविष्य की खेती और पशुपालन की दिशा तय करने में मदद करते हैं। किसानों की आय बढ़ाना लक्ष्य मीडिया से बातचीत में श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और पशुपालन को स्थायी रूप से लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और पशुधन स्वास्थ्य सेवाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार है। विकसित भारत में कृषि की अहम भूमिका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने में कृषि और पशुपालन की भूमिका बेहद अहम है। निजी कंपनियों द्वारा उन्नत बीज, खाद और दवाइयों के क्षेत्र में हो रहे नवाचार किसानों के लिए सकारात्मक माहौल तैयार कर रहे हैं।