नूंह में शादी से लौट रहे युवक पर हमला, VIDEO:सामान लेने रुके थे, युवकों से हुई कहासुनी; सिर-शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें

Spread the love

हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका शहर के वार्ड नंबर-15 निवासी मोहम्मद हुसैन पर रात करीब 10 बजे चार-पांच अज्ञात बदमाशों ने घास रोड स्थित टायर स्टैंड के पास हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सिटी थाना फिरोजपुर झिरका में दी गई शिकायत के अनुसार, 15 फरवरी की देर रात मोहम्मद हुसैन अपनी बहन के ससुराल में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में टायर स्टैंड पर कुछ सामान लेने के लिए रुके, तभी बदमाशों ने उनसे कहासुनी शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें हमले में हुसैन के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। परिवार का आरोप है कि यह हमला सुनियोजित था और आरोपी बाइक पर सवार थे। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल को गुरुग्राम रेफर किया गया घायल युवक को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें नूंह मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए हुसैन को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत और डर का माहौल है। स्थानीय लोग और परिवार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस जांच में जुटी सिटी थाना फिरोजपुर झिरका के प्रभारी कुलदीप ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। प्रभारी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल स्थानीय लोगों और परिवार का कहना है कि यह हमला व्यक्तिगत मतभेद से अधिक सुनियोजित प्रतीत होता है। घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने बताया कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और सभी संभावित सुरागों की जांच की जा रही है।