हिसार रेलवे TC गबन मामले में सिरसा में गिरी गाज:अनियमिता पर हेड TC सस्पेंड, जुर्माना राशि वसूल विभाग को लगाया चूना

Spread the love

हिसार रेलवे जंक्शन में कार्यरत सीनियर टिकट कलेक्टर (TC) हरिकिशन मामले में सिरसा में भी गाज गिरी है। सिरसा रेलवे विभाग में कार्यरत महिला हेड हेड टिकट कलेक्टर (TC) को सस्पेंड कर दिया गया है। सूत्रों की मानें तो यह कार्रवाई रेलवे विभाग की ओर से यातायात इंस्पेक्टर (टीआई) की रिपोर्ट पर की गई है। महिला हेड टीसी पर अनियमिताएं बरतने के आरोप हैं। जानकारी के अनुसार, टीसी हरिकिशन द्वारा जो जुर्माना राशि वसूली जाती थी। उसकी सुपरविजन नहीं की गई कि उसके पास कितना कैश आया है और जमा करवाया है या नहीं। महिला हेड टीसी की भी कुछ समय पहले ही सिरसा में पोस्टिंग हुई थी। इससे पहले अन्य हेड टीसी थी। वो भी जांच के घेरे में आ सकते हैं। महिला हेड टीसी भी खुद टीम के साथ कई बार बिना टिकट वालों से जुर्माना राशि लेती थी। इसकी रेलवे विभाग जोधपुर की ओर से विभागीय जांच करवाई जा रही है। टीसी हरिकिशन द्वारा हिसार में 17 लाख का गबन का मामला सामने आने के बाद जांच तेज हो गई है। विभाग के अनुसार, जहां-जहां पर हरिकिशन की पोस्टिंग रही है, वहां पर जांच करवाई जा रही है। इससे जुड़ा सिरसा में शक गहरा ज्यादा गया है, क्योंकि जुर्माना राशि का करीब 10 से 15 लाख रुपए कैश रेलवे लेखा कार्यालय में जमा नहीं करवाया गया है। विभाग को चूना लगाया, आदेशों के बावजूद राशि जमा नहीं कराई टीम के अनुसार, टीसी हरिकिशन पिछले लंबे समय से रेलवे विभाग को चूना लगाने का काम कर रहा था। हिसार और सिरसा में जुर्माना राशि का लाखों रुपए कैश विभाग में जमा नहीं करवाया। लोगों से बिना टिकट या जुर्माने के तौर पर पैसे वसूल लिए, पर कैश अपने पास ही रखा। ये सिलसिल चलता रहा, किसी ने इसकी सुपरविजन नहीं की। ऐसे में यातायात इंस्पेक्टर जोधपुर की टीम जांच के लिए पहुंची तो मामला पकड़ में आया। टीम ने पहले अकाउंट शाखा से हरिकिशन के बारे में डिटेल निकाली कि कितना कैश और कब से जमा नहीं करवाया गया है। इसके बाद उसके खिलाफ केस दर्ज किया। विभाग ने कार्रवाई की है : एसएस सिरसा रेलवे स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र कुमार का कहना है कि ये कार्रवाई विभाग की ओर से की गई है। स्टाफ पिंकी सस्पेंड की गई है। अनियमिताएं बरतने का मामला है। सरकारी राशि के दुरुपयोग की पुष्टि रेलवे पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि सीनियर टीसी हरिकिशन ने जून 2025 से जनवरी 2026 तक 17 लाख 610 रुपए की राशि का दुरुपयोग किया। यह राशि रेलवे राजस्व की थी, जिसे जमा नहीं करवाया गया। हिसार स्टेशन अधीक्षक ने इस संबंध में डीएसपी हिसार और अंबाला छावनी रेलवे को मेल भेजकर सूचना दी। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। इसे लेकर जोधपुर से यातायात इंस्पेक्टर श्याम सिंह ने हिसार और सिरसा रेलवे जंक्शन की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी थी, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई है।