दुल्हन के पालतू कुत्ते को पीटा, लव मैरिज टूटी:बराती-घराती में मारपीट, मंडप से बारात लौटाई; प्रयागराज से भागकर आई थी

Spread the love

यूपी के फतेहपुर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दुल्हन ने सिर्फ इसलिए बारात लौटा दी, क्योंकि एक बाराती ने उसके पालतू कुत्ते को लात मार दी थी। जबकि दूल्हा-दुल्हन की लव मैरिज थी। दुल्हन एक महीने पहले प्रेमी के साथ घर से भागकर आर्य समाज मंदिर में शादी कर चुकी थी। बाद में दोनों परिवारों ने बातचीत की। तय हुआ कि दोनों की शादी कर दी जाए। 18 फरवरी को शादी तय हुई। लड़की पक्ष प्रयागराज से फतेहपुर पहुंचा। जयमाल के बाद शादी की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान मंडप के पास बैठा कुत्ता भौंकने लगा। इस पर एक बाराती ने उसे लात मार दी। दुल्हन ने यह देखा तो वह भड़क गई। देखते-देखते विवाद इतना बढ़ा कि बाराती और घराती आपस में भिड़ गए। मारपीट में कई लोगों के सिर फट गए। दुल्हन की भी उंगली में फ्रैक्चर हो गया। मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों से समझौते की बात की, लेकिन दुल्हन शादी तोड़ने पर अड़ी रही। दूल्हा फूट-फूटकर रोता रहा, फिर भी दुल्हन नहीं मानी। दोनों दो साल से रिलेशन में थे। कोर्ट मैरिज का रजिस्ट्रेशन भी करा चुके थे। घटना बुधवार रात खागा कोतवाली क्षेत्र के कान्हा गेस्ट हाउस की है। दुल्हा बोला-दो साल रिलेशन में रहे, भागकर शादी की
लड़का सुमित केसरवानी (25) फतेहपुर के खागा कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है। खागा सर्राफा बाजार में ही उसकी ज्वेलरी की दुकान है। उसका पूरा परिवार यहीं काम करता है। सुमित ने बताया- दो साल पहले प्रयागराज के कटरा की रहने वाली तनु केसरवानी से उसकी मुलाकात हुई थी। तनु ने बीए किया है। दोनों दो साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों ही शादी करना चाहते थे। मैंने तनु से कहा था- कुछ दिन रुक जाओ, घर में सबको मनाकर शादी करेंगे। लेकिन वह रुकी नहीं। तनु 18 जनवरी को भागकर मेरे घर आ गई। इसके बाद हम दोनों घर से भाग गए। कानपुर में आर्य समाज रीति-रिवाज से शादी कर ली थी। इलाहाबाद में कोर्ट मैरिज के लिए हमने रजिस्ट्रेशन करा लिया। इसके बाद तनु अपने घर लौट गई। ‘घर लौटे तो परिवार को मनाया, फिर शादी की डेट रखी’
दूल्हे ने बताया- हम दोनों ने डिसाइड किया था कि 23 जनवरी को हम इंगेजमेंट करेंगे, लेकिन नहीं हो पाया। इसके बाद 26 जनवरी को तनु फिर भागकर मेरे घर आ गई। इसके बाद हम दोनों के घरवालों से शादी के लिए बात की। 7 फरवरी को तनु के चाचा-चाची घर आए। दोनों परिवारों ने मिलकर शादी की डेट 18 फरवरी रखी। बुधवार को धूमधाम से दुल्हन पक्ष के लोग बारात लेकर कान्हा गेस्ट हाउस पहुंचे। जयमाल पड़ी, फिर शादी की रस्में शुरू हुईं। सुबह चार बजे मंडप से कुछ दूरी पर बंधा तनु का कुत्ता सिक्सर भौंकने लगा। ‘दुल्हन को मनाया, कस्में दिलाईं, लेकिन नहीं मानी’
दूल्हे ने बताया- लोगों ने उसको शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं हुआ। इसी बीच एक बाराती ने उसे लात मार दी। इसी बात पर तनु और उसके घर वाले गुस्सा हो गए और कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। तीन लोगों के सिर फट गए, एक का हाथ टूट गया। किसी ने मारपीट की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। अगली सुबह दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों में समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। मैंने फिर दुल्हन को मनाने की हर कोशिश की। उसे प्यार की कस्में दिलाईं। लेकिन उसने शादी से मना कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। मगर बात नहीं बनी। दुल्हन के घरवालों ने जेवर-सामान वापस लौटा दिए। दुल्हन मारपीट में घायल, भाई का भी हाथ टूटा
मारपीट में दुल्हन भी घायल हो गई। उसके भाई ऋषभ का हाथ टूट गया। ऋषभ ने बताया कि वह प्रयागराज के कटरा के रहने वाले हैं। पूरा परिवार ज्वेलरी का काम करता है। उनकी बहन तनु की शादी खागा के रहने वाले सुमित से थी। यह लव मैरिज थी। एक छोटी गलती के कारण झगड़ा शुरू हुआ और मारपीट हुई। उन्हें इतना मारा गया कि कई लोगों को चोटें आईं, हाथ टूट गए और सिर फट गया। मारपीट इतनी बढ़ गई कि शादी कैंसिल हो गई। लड़का पहले से शादीशुदा था, लेकिन उनके घर वालों को यह जानकारी नहीं दी गई। उनकी बहन तनु को भी बहला-फुसला कर घर से भगाया गया। तनु भी मारपीट में घायल हो गई। महिला बोली- जिन्होंने मुझे पीटा, उनके खिलाफ कार्रवाई हो
लड़की पक्ष की एक महिला ने बताया- झगड़ा कुछ खास वजह से नहीं, एक छोटी सी बात पर शुरू हुआ। उधर के लोग शराब पीकर आए थे, जिससे लड़ाई और बढ़ गई। कई लोगों को चोटें लगीं। हम बस यही चाहते हैं कि जिन लोगों ने हमें मारा है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।” खागा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल का कहना है- दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौता हो गया है। किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। दोनों पक्षों के बीच जो लेन-देन हुआ था, उसे वापस करने पर सहमति बन गई है। ———————————————– ये खबर भी पढ़ें– MBA पास भाई का मर्डर करके शव घर में दफनाया:कब्र में 100 किलो नमक डाला; झांसी में पिता टीचर थे, मां रिटायर्ड पेशकार यूपी के झांसी में गाली देने पर MBA पास बड़े भाई की उसके छोटे भाई ने हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने घर के पीछे 5 फीट गहरी कब्र खोदकर शव को दफना दिया। लाश जल्दी गल जाए, इसके लिए उसने कब्र में 100 किलो नमक डाल दिया। पढ़ें पूरी खबर…