हिसार-रेवाड़ी समेत 4 जिलों में बारिश:8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, ओलावृष्टि की भी संभावना; अधिकतम तापमान 30 डिग्री पार

Spread the love

हरियाणा में बुधवार सुबह हिसार, रेवाड़ी, फतेहाबाद और महेंद्रगढ़ में बारिश हुई। राज्य में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस मंगलवार रात को ही एक्टिव हो गया था, जिसके बाद हिसार और सिरसा में तेज बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने 8 जिलों- सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। इसके अलावा, गुरुग्राम, रोहतक, जींद, कैथल, पानीपत, फरीदाबाद सहित अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंचा 17 फरवरी को हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। औसत तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। सबसे अधिक गर्मी भिवानी में रही, जहां पारा 30.5 डिग्री तक पहुंच गया। हिसार में तापमान 27.9, अंबाला में 28.7, रोहतक में 27.9, गुरुग्राम में 28.1, पानीपत में 27.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सिरसा और यमुनानगर में तापमान 25 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। हालांकि, आने वाली बारिश और ठंडी हवाओं के कारण अगले 24 घंटों में इस तापमान में गिरावट आने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। औसत न्यूनतम तापमान में कल की तुलना में 2.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस पानीपत में रिकॉर्ड किया गया। करनाल में 10.9, हिसार में 12.5, अंबाला में 12.8 तथा गुरुग्राम में 12.6 डिग्री रहा। रोहतक और नारनौल में 13.6 डिग्री, जबकि सिरसा में 14.7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। अधिकांश जिलों में रात का पारा 12 से 14 डिग्री के बीच बना रहा, जिससे ठंड में कमी के संकेत मिल रहे हैं।