रोहतक में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर डाली डकैती:मुंह पर लगाई टेप, शॉल से बांधे पैर, गर्म पट्टी से बांधे हाथ, जेवर लेकर फरार

Spread the love

रोहतक जिले के गांव भैणी चंद्रपाल में एक बुजुर्ग महिला को घर में बंधकर बनाकर आरोपियों ने डाका डाला। आरोपी घर की कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सूचना पाकर महम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। पीड़ित बुजुर्ग महिला सरला देवी ने बताया कि उसके पति ओम सिंह की मौत 2008 में हो चुकी है। उसके पास दो लड़के और एक लड़की है, जिनकी शादी हो चुकी है। दोनों लड़के शादी के बाद अलग रहते हैं। वह अकेली घर में ऊपर चौबारे में रहती है और रोजाना की तरह दरवाजे को बंद करके सो रही थी। दरवाजे को धक्का मारकर खोला
बुजुर्ग महिला सरला ने बताया कि जिस समय वह सो रही थी, उस दौरान दरवाजे को किसी ने धक्का मारा। दरवाजे पर धक्के की आवाज से नींद खुल गई और आवाज लगाई कि कौन है। इसके बाद 2 से 3 धक्के फिर मारे गए, जिससे दरवाजा खुल गया और 3-4 लड़के कमरे के अंदर घुस गए। आरोपियों ने मुंह पर टेप लगाकर हाथ पैर बांधे
बुजुर्ग महिला सरला ने बताया कि आरोपियों ने कमरे में घुसते ही उसके मुंह पर टेप लगा दी। एक आरोपी ने शॉल से उसके पैरों को बांध दिया। वहीं एक आरोपी ने गर्म पट्टी से हाथों को बांध दिया। इसके बाद चांदी की चेन, कानो के बाले, नाक का कोका, करीब 10 हजार रुपए और जिओ का छोटा फोन लेकर फरार हो गए। पुत्रवधु को आवाज लगाई तो डायल 112 पर सूचना दी
बुजुर्ग महिला सरला ने बताया कि आरोपियों के जाने के बाद उसके किसी तरह मुंह से टेप हटाई और हाथ पैर खोलकर पुत्रवधु रानी को आवाज लगाई। उसकी आवाज सुनकर पुत्रवधु रानी ने अपने जेठ सोनू को फोन करके सूचना दी। जिसके बाद डायल 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश में जुटी
महम थाने के जांच अधिकारी एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर सामान लूटने की सूचना मिली है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बुजुर्ग महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।