अंबाला में कार ने सवारियों से भरी ऑटो को ठोका:बिहार से आए व्यक्ति की मौत; 2 बेटियों समेत 11 घायल, चंडीगढ़ जाना था

Spread the love

अंबाला में अमृतसर हाईवे पर जंडली पुल के निकट रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार ने सवारियों से खचाखच भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो हाईवे पर ही पलट गया। इस हादसे में बिहार के एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनकी दो बेटियों समेत 11 अन्य लोग घायल हो गए। वे सभी काम करने चंडीगढ़ जा रहे थे। मृतक की पहचान बिहार के सहरसा जिले के अमरपुर गांव निवासी भूपेंद्र मुखिया के रूप में हुई है। भूपेंद्र अपनी दो बेटियों आशा (17) और मनीषा (14) के साथ चंडीगढ़ में मेहनत-मजदूरी करते थे। वे 13 फरवरी को अपने गांव से निकले थे और शनिवार रात अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। बताया गया है कि रविवार सुबह करीब 4:50 बजे वे स्टेशन के बाहर से चंडीगढ़ जाने वाले ऑटो में सवार हुए, जिसमें पहले से ही 8 अन्य सवारियां मौजूद थीं। सुबह 5 बजे जंडली पुल के पास पहुँचते ही पीछे से आई एक अनियंत्रित कार ने काल बनकर उन्हें टक्कर मार दी। मासूम बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक चोटिल हादसे में घायल हुए अधिकतर लोग मेहनत-मजदूरी करने वाले परिवार हैं। बिहार के जंगबहादुर की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें अंबाला से चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया गया है। मुरादाबाद के कोहिनूर मोहल्ला (हाल निवासी जीरकपुर) की रेशम (45), उनकी बेटी फिजा (25) और 4 वर्षीय मासूम अली भी चोटिल हुए हैं। लखीमपुर (गोपालगंज) के सुरेश, राजपाल व रामदेवी और सीतामढ़ी के वनिता व उनके पति रामबाबू को भी चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद इनमें से कई को छुट्टी दे दी गई है। अज्ञात कार चालक पर FIR हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक भूपेंद्र की घायल बेटी आशा के बयानों पर बलदेव नगर थाना पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।