सोनीपत में 12वीं की छात्रा ने किया सुसाइड:भाई-बहन बाहर खेल रहे थे, कमरे में लगाया फंदा; मां दूध लेने गई थी

Spread the love

सोनीपत जिले के गांव बैंयापुर में 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। उसका शव अपने घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। घटना के समय घर के अन्य बच्चे बाहर खेल रहे थे। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अभी सुसाइड के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। मृतक छात्रा की पहचान वंशिका के रूप में हुई है। घटना के वक्त घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था। वंशिका के छोटे भाई और बहन घर के बाहर गली में खेल रहे थे। इसी दौरान वंशिका ने कमरे के अंदर जाकर यह कदम उठाया। मां की चीख सुनकर लगी भीड़ वंशिका की मां जब बाहर से दूध लेकर घर लौटी, तो उसने अपनी बेटी को कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। मां की चीख सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। घटना के तुरंत बाद छात्रा के पिता को सूचित किया गया और सदर थाना पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने फंदे से उतारा शव सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रा के शव को फंदे से नीचे उतारा और नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। रविवार सुबह डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई और शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया गया। वंशिका ने आत्महत्या क्यों की है, इस बारे में परिजन फिलहाल कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि क्या वह किसी मानसिक तनाव या पढ़ाई के दबाव में थी। सुसाइड नोट मिलने की बात भी सामने नहीं आई है। वह सरकारी स्कूल में पढ़ती थी। जांच में जुटी सदर थाना पुलिस सदर थाना पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल छात्रा की मौत के मामले में इत्फाकिया कार्रवाई की गई है।