करनाल के होटल में मिला युवक का शव:कमरे का दरवाजा था लॉक, खिड़की तोड़कर अंदर पहुंचा स्टॉफ

Spread the love

करनाल जिले के नमस्ते चौक के नजदीक स्थित रॉयल होटल में एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला हैं। युवक ने 12 फरवरी को होटल में कमरा लिया था। वह कमरे से बाहर नहीं निकला, अगले दिन तक जब कोई हलचल नहीं हुई, तो होटल स्टाफ को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई आवाज नहीं आई, जिसके बाद स्टाफ ने बगल के कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर युवक का शव बेड पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कल लिया था कमरा, अंदर से बंद था दरवाजा जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान करनाल के गांव खरकाली के 20 वर्षीय नितीश के रूप में हुई है। वह मीरा घाटी के नजदीक होटल में कल सुबह पहुंचा था। उसने रॉयल होटल में एक कमरा लिया और कमरे के अंदर चला गया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया गया था। होटल स्टाफ के अनुसार युवक पूरे दिन और अगली सुबह तक कमरे से बाहर नहीं निकला, जिससे संदेह और गहरा गया। कमरे में बेड पर पड़ा था शव जब काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो होटल स्टाफ युवक के कमरे के बाहर पहुंचा और आवाज लगाई। दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद होटल मैनेजर ने होटल मालिक को मामले की जानकारी दी। मालिक की सहमति के बाद स्टाफ बगल वाले कमरे में गया और वहां से खिड़की तोड़कर युवक के कमरे में दाखिल हुआ। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। युवक का शव बेड पर पड़ा हुआ था। पुलिस-एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव गृह भेज दिया। साथ ही एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कमरे से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमॉर्टम के बाद होगा खुलासा पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। सिटी थाना पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम सुबह करवाया जाएगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घटना के बाद से होटल स्टाफ और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।