30 फीट गहरे तालाब में गिरी कार…3 बारातियों की मौत:विदिशा में 7 घायल, इनमें से 3 भोपाल रेफर; सीने और हाथ में गंभीर चोटें

Spread the love

मध्यप्रदेश के विदिशा में गुरुवार देर रात बारातियों से भरी तेज रफ्तार टवेरा कार सूखे तालाब में जा गिरी। हादसे में 3 बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक गैरतगंज से जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के यहां बारात आ रही थी। टवेरा कार में कुल 10 लोग सवार थे। गाड़ी तेज रफ्तार में थी। अंधेरा होने के कारण ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। कार सड़क से सीधे 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी। हादसे में 35 वर्षीय राजेश लोधी, 30 वर्षीय सोनू लोधी (ड्राइवर) और 35 वर्षीय चंद्रशेखर की जान गई है। वहीं घायलों में अशोक लोधी (25) का बायां हाथ फ्रैक्चर हुआ है। राज बोधी (14) के पेट में गंभीर चोट आई है। बृजेश लोधी (27) और सुदीप लोधी (20) को सीने में चोटें लगी हैं। हादसे से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए… 3 की हालत नाजुक, भोपाल रेफर 45 वर्षीय भावसिंह लोधी और 10 वर्षीय ऋतुराज लोधी और एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों को प्राथमिक इलाज के बाद विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। देर रात तीनों की हालत बिगड़ गई। घायलों को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि शादी वाले घर से एक किलोमीटर दूर हुआ है। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। निजी वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल खून से सने हुए थे। किसी के माथे से तो किसी के हाथ से खून बह रहा था। कलेक्टर ने अस्पताल में घायलों से जानकारी ली वहीं घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अंशुल गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना। घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। एडीएम, तहसीलदार, सीएसपी, कोतवाली और सिविल लाइन थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अनूप वर्मा के नेतृत्व में डॉक्टर्स की टीम ने घायलों का इलाज शुरू किया। डॉ. अनूप वर्मा ने बताया कि 4 की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं 3 लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं मेडिकल कॉलेज में भर्ती 4 में से 3 लोगों की हालत रात में बिगड़ गई। तीनों को फौरन भोपाल के लिए रेफर किया गया है, जबकि एक घायल का इलाज डॉक्टर्स की निगरानी में मेडिकल कॉलेज में ही चल रहा है। ……………………. हादसे से संबंधित यह खबरें भी पढ़ें 1. कटनी में हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला: गुस्साए ग्रामीणों ने ड्राइवर को पीटा; पुलिस टीम पर पथराव, दो पुलिसकर्मी घायल कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ। बंधी रेलवे फाटक के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवा चालक की पिटाई की और मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…
2. ट्रक ने बाइक को कुचला, सास-बहू और नातिन की मौत: गाड़ी छोड़कर भाग निकला ड्राइवर; गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे पर लगाया जाम मुरैना में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। एक्सीडेंट सिविल लाइन थाना इलाके में नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार शाम साढ़े 5 बजे हुआ। इसमें सास, बहू और दो साल की नातिन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा ससुर गंभीर रूप से घायल हो गया। पढ़ें पूरी खबर…