यमुनानगर में मेटल फैक्ट्री मालिक के घर ED की रेड:7 बजे से खंगाला जा रहा रिकॉर्ड; लेन-देन से जुड़े मामले की संभावना

Spread the love

यमुनानगर जिले के जगाधरी क्षेत्र में आज सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने छछरौली रोड स्थित कृष्णा मेटल फैक्ट्री के मालिक के घर पर रेड की है। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम सुबह करीब सात बजे पंजाब नंबर की गाड़ियों में मौके पर पहुंची और सीधे घर के अंदर प्रवेश कर जांच शुरू कर दी, जोकि अभी तक जारी है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। टीम ने घर के भीतर मौजूद लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए किसी को भी बाहर आने की अनुमति नहीं दी है। वहीं, बाहर से आने वाले लोगों को भी अंदर जाने से रोका जा रहा है। इससे आसपास के क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। रिकॉर्ड की हो रही गहन जांच प्राथमिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री के मालिक का नाम संदीप बताया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक तौर पर ईडी की ओर से अब तक कार्रवाई के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है, जिससे किसी आर्थिक अनियमितता या वित्तीय लेन-देन से जुड़े मामले की संभावना जताई जा रही है। रेड को जारी हुए करीब सात घंटे से अधिक समय बीत चुका है और टीम की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासनिक या जांच एजेंसियों की ओर से कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।