झज्जर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रिटायर्ड फौजी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार एक अन्य व्यक्ति को हल्की चोटें आई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों खेत से काम निपटाकर घर लौट रहे थे। टक्कर मारने वाला वाहन ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे में मृत व्यक्ति की पहचान बलजीत पुत्र बलवंत सिंह (57 वर्ष) बिरधाना निवासी के रूप में हुई है। मृतक बलजीत सेना से सेवानिवृत्त हो चुके थे। बताया जा रहा है कि बलजीत अपने साथ एक मजदूर को लेकर बाइक पर गेहूं के खेत में सिंचाई के दौरान इंजन बंद करने गए थे। खेत में सिंचाई का कार्य चल रहा था और देर रात दोनों काम पूरा कर वापस घर लौट रहे थे। साथ गए मजदूर ने दी हादसे की जानकारी इसी दौरान रास्ते में एक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति सड़क पर गिर गए और घायल हो गए और बेहोश हो गए। कुछ समय बाद जब साथ गया मजदूर होश में आया तो उसने घटना की जानकारी फोन के माध्यम से परिजनों को दी। वहीं जानकारी के अनुसार हादसा झज्जर जिले के गांव जौंधी से गिरावड़ रोड पर हुआ बताया जा रहा है। डॉक्टर ने जांच के बाद किया मृत घोषित सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बलजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मजदूर को हल्की चोटें ही आई। पुलिस हादसे को लेकर मामले में जुटी मृतक के शव को नागरिक अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए रखवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे को लेकर जांच की। पुलिस ने फिलहाल घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन और ड्राइवर का पता लगाया जा सके। जानकारी के अनुसार मृतक बलजीत के दो बेटे हैं और एक बेटा आर्मी में है।
झज्जर में सड़क हादसे में रिटायर्ड फौजी की मौत:अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान, देर रात गए थे खेत, ड्राइवर फरार
