गाजियाबाद में 3 नाबालिग बहनों ने सामूहिक सुसाइड किया। इसे लेकर अलग-अलग थ्योरी सामने आ रही हैं। पहले कोरियन गेम की लत की बात सामने आई। उसके बाद पिता के बयान ने उलझाया। बच्चियों की मां का सामने न आना भी सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस की अब तक की जांच और परिवार के सदस्यों से पूछताछ में अभी तक सामने आया है कि पिता के डांटने पर यह विवाद शुरू हुआ। पिता चेतन ने डांटा तो बड़ी बेटी निशिका ने रात में खाना नहीं खाया। उसकी मां और पिता ने समझाने का प्रयास किया। उसके बाद बड़ी बेटी अपनी दोनों छोटी बहनों के साथ सोने का नाटक करने लगी। रात 10 बजे चेतन अपनी तीसरी पत्नी टीना के साथ सोने के लिए अलग कमरे में चले गए। तभी 16 साल की निशिका को उसकी मां ने मोबाइल फोन दे दिया। दैनिक भास्कर की इस रिपोर्ट में पढ़िए शाम 7 बजे से लेकर तीनों बच्चियों के कूदने तक का घटनाक्रम… 3 पत्नी के साथ एक ही फ्लैट में रहता है चेतन
गाजियाबाद के टीलामोड़ थाना क्षेत्र में भारत सिटी सोसाइटी के बी-1 में फ्लैट नंबर- 907 में चेतन (42) परिवार के साथ रहते हैं। चेतन की तीन पत्नियां सुजाता, हिना और टीना हैं। सुजाता और हिना सगी बहनें हैं, जबकि टीना मुस्लिम हैं। 3 फरवरी की रात चेतन की 3 बेटियों निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) ने रात के 2 बजे नवीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया था। इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए गए। पुलिस ने चेतन और उनकी तीनों पत्नियों से जब पूछताछ कर बयान दर्ज किए। इसमें सामने आया कि 3 फरवरी की शाम करीब 8 बजे चेतन ने अपनी बड़ी बेटी निशिका को डांट दिया था। बेटी से मोबाइल छीना, बचाव करने पर पत्नी को गाली दी
पुलिस को दिए बयान में चेतन और उनकी पत्नी ने बताया कि तीनों बहनें मोबाइल में कोरियन लड़के पसंद करती थीं। इसी से नाराज चेतन ने बड़ी बेटी निशिका को डांटा और थप्पड़ मारने के लिए कहा। इसके बाद उसका मोबाइल फोन छीनकर अपनी पहली पत्नी को सुजाता को दे दिया। इस पर निशिका ने अपनी मां से शिकायत की। चेतन ने फिर से उसे डांटा और कहा कि 3 दिन पहले भी समझाया था। मैं इसीलिए मोबाइल फोन बेच चुका हूं। अगर दोबारा मोबाइल चलाती दिखी तो जमीन पर पटक दूंगा। पिता चेतन के गुस्से को देखकर तीनों बेटियां डर गईं। इसके बाद चेतन ने अपनी पहली पत्नी सुजाता और दूसरी पत्नी हिना से कहा कि तुमने इन्हें लाड़-प्यार में बिगाड़ा है। मैं इतना सब कुछ लगातार नहीं सहन कर सकता। हर समय मोबाइल चलाना सही नहीं। पत्नी सुजाता ने बेटी निशिका का बचाव किया, तो चेतन ने उसको भी गाली दी। गुस्से में बेटी से बोले- तेरी शादी कर दूंगा
चेतन ने अपनी बड़ी बेटी निशिका से गुस्से में कहा कि तुझे यदि यही सब करना है तो मैं तेरी शादी कर दूंगा। स्कूल जाना छुड़वा चुका हूं। 18 साल से पहले ही शादी कर दूंगा। फिर कितना ही मोबाइल फोन चलाना। इसके बाद चेतन को उनकी तीसरी पत्नी टीना अपने कमरे में ले गई। रात में किचन में साढ़े 8 बजे पहले सुजाता ने खाना बनाया। फिर तीसरी पत्नी ने अलग खाना बनाया। रात 9 बजे बड़ी बेटी निशिका ने खाना नहीं खाया और रूम में जाकर बेड पर कंबल ओढ़कर लेट गई। इसके बाद छोटी दोनों बहनें प्राची और पाखी भी उसी के साथ कंबल ओढ़कर लेट गईं। बेटियों को डांटने पर भड़कीं दो पत्नियां
बेटी को डांटने के बाद चेतन का अपनी पत्नी सुजाता और टीना से झगड़ा शुरू हो गया। दोनों पत्नियों ने कहा कि तुम्हें बस चिल्लाना आता है। बेटी को समझा भी सकते थे। इस पर चेतन की तीसरी पत्नी टीना भी अपने कमरे से बाहर निकली। फिर काफी देर तक झगड़ा हुआ। इस पर बड़ी बेटी निशिका रोने लगी। तब चेतन ने डांटते हुए कहा कि अभी 2 थप्पड़ और मारूंगा तो एक साथ चुप हो जाएगी और खाना भी खा लेगी। 10 मिनट तक झगड़ा हुआ तो तीसरी पत्नी टीना रात 10 बजे चेतन को अपने कमरे में ले गई। चेतन अपनी रूम में पहुंचा, तो टीना की 3 साल की बच्ची देवू भी बेड पर थी। इसके बाद उसने अंदर से दरवाजा लॉक कर लिया। मां सुजाता ने निशिका को मोबाइल दिया
चेतन के कमरे में जाने के बाद परिवार में सभी ने खाना खाया, लेकिन निशिका ने खाना नहीं खाया। रात के 10 बजे से अधिक का समय हो गया था। इसके बाद मां सुजाता ने निशिका को अपना मोबाइल फोन दे दिया। फिर निशिका अपनी दोनों छोटी बहनों के साथ फिर से कंबल में लेटकर मोबाइल चलाने लगी। इन तीन बहनों के साथ बेड पर 7 साल का बेटा भी था। इस बीच, चेतन की पहली पत्नी सुजाता और हिना फर्श पर गद्दे बिछाकर लेट गईं, लेकिन सोई नहीं। पति के व्यवहार से नाराज सुजाता ने कहा कि इस आदमी ने पूरे घर का सत्यानाश कर दिया है। समझाने पर भी नहीं मानता। हम दोनों बहन तो हैं ही। मुस्लिम टीना से तीसरी शादी करके इसने सब कुछ बर्बाद कर दिया। रात एक बजे पानी पीने के लिए उठी निशिका
रात के एक बज चुका था। बड़ी बेटी निशिका बेड से उठी। उसके बाद दोनों बहनें प्राची और पाखी भी उठकर साथ में उठ गईं। तभी मां सुजाता ने कहा कि अब क्या हुआ, कहां चलीं? इस पर निशिका ने कहा कि पानी भी न पीऊं। इसके बाद निशिका रूम से उठकर मंदिर वाले कमरे की तरफ चली गई। पीछे-पीछे दोनों छोटी बहनें भी थीं। उसके बाद पता नहीं कब उसमें से एक ने प्लास्टिक के स्टूल को लाकर रख लिया। एक बजकर 15 मिनट पर तीनों बहनों ने अंदर से दरवाजा लॉक कर लिया। यह दरवाजा प्लाईवुड का था, जिससे आवाज बाहर न जा सके। मोबाइल फोन मंदिर वाले रूम में तीनों के साथ था। तीनों ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। मां और पिता ने दरवाजा भी खटखटाया
कुछ देर तक तीनों बच्चियां बाहर नहीं आईं, तब पहली पत्नी सुजाता ने पति चेतन को जगाया। इसके बाद पति-पत्नी दरवाजा खोलने के लिए कहते रहे। करीब 2 बजे तीनों बहनों ने मंदिर वाले कमरे के विंडो से छलांग लगा दी। इसके करीब 2 मिनट बाद ही चेतन अपनी दोनों पत्नियों के साथ लिफ्ट से नीचे पहुंचे। वहां पर तीनों बच्चियों के शव पड़े थे। पुलिस को सामने के टावर पर रहने वाले अरुण ने बताया कि करीब 2 बजे मैं सोने से पहले बालकनी में झांक रहा था। इसी दौरान सामने के फ्लैट में अजीब तरह से कुछ दिखा। वहां तीनों को गिरते हुए देखा, जिसमें शायद विंडो पर बाहर की तरफ सिर करके बैठा उसे कोई अंदर की तरफ खींच रहा था। इसके बाद तीनों नीचे आ गईं। निशिका का एक मोबाइल बरामद
डीसीपी निमिष पाटील ने बताया कि निशिका के 2 मोबाइल पिता चेतन ने पहले बेच दिया था। मौके से जो फोन मिला, वह चेतन की पहली पत्नी सुजाता का था। बच्चियां मां का फोन ही कुछ दिन से चला रहीं थी। कुछ दिन पहले बेचे गए मोबाइल को एक दुकान से रिकवर किया गया है। उसमें वह क्लीन मिला है। उसे फोरेंसिक लैब निवाड़ी भेजा जाएगा, जिससे पता चल सके कि क्या डेटा डिलीट हुआ। 6 महीने पहले जो मोबाइल बेचा गया था, उसे भी जल्दी रिकवर कर लिया जाएगा। ………….. ये खबर भी पढ़ें… गाजियाबाद में 3 बहनें कूदीं या धक्का दिया गया?:पिता ने 2 बातें बताईं; अपार्टमेंट की महिला बोली- बच्चियों की माएं गाली दे रही थीं गाजियाबाद में 3 फरवरी की रात 3 बहनों ने सुसाइड किया। एक तरफ, 8 पन्नों के सुसाइड नोट से उनके कोरियाई कल्चर में पूरी तरह से ढल जाने का खुलासा हुआ। दूसरी तरफ, पिता चेतन सुसाइड की वजह बदलते रहे। पहले कहा- कोरियन गेम की टास्क के आखिरी पड़ाव में सुसाइड कर लिया। फिर कहा- बेटियां दिनभर कोरियन मूवी, रील्स देखती थीं। मोबाइल छीन लिया था, कहा था कि सुधरी नहीं तो तुम्हारी शादी करवा दूंगा। पढ़ें पूरी खबर
चेतन ने बड़ी बेटी से कहा…तेरी शादी करवा दूंगा:गाजियाबाद में सुसाइड वाली रात तीनों बेटियों पर भड़के थे, मोबाइल भी छीना
