यमुनानगर में शनिवार देर रात शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद रविवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा बदमाश बाइक से गिरकर घायल हो गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रंगदारी के लिए शहर में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे। मुंह पर कपड़ा बांधकर अस्पताल में घुसे शनिवार रात करीब 11 बजे सबसे पहले रेलवे रोड स्थित मल्टी-स्पेशलिटी वरयाम अस्पताल में बाइक सवार हमलावर घुसे और रिसेप्शन के पास पहुंचकर ताबड़तोड़ 13 से 14 राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां दीवारों और सोफों पर लगीं। पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधकर आए थे और फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि उस समय रिसेप्शन पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सिटी मॉल के बाहर गैंगस्टर के नाम की पर्ची फेंकी अस्पताल में फायरिंग के कुछ ही देर बाद सिटी मॉल के बाहर तीन से चार राउंड गोलियां चलाईं और वहां से भाग निकले। फायरिंग से मॉल के शीशों में छेद हो गए। बताया गया कि हमलावर यहां कुख्यात गैंगस्टर काला राणा और इनामी बदमाश शुभम पंडित के नाम की पर्ची फेंककर गए थे। जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। दोनों घटनास्थलों के बीच करीब तीन किलोमीटर की दूरी है, जिससे आशंका जताई गई कि दोनों वारदातों को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया। घटनाओं की सूचना मिलते ही सीआईए-1 और सीआईए-2 समेत पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। अस्पताल संचालक को पहले मांगी गई थी रंगदारी डीएसपी रजत गुलिया ने भी घटनास्थलों का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए। पुलिस ने रातभर शहर में नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया ताकि आरोपियों को जल्द पकड़ा जा सके। अस्पताल संचालक के बेटे को 17 दिसंबर को फोन पर धमकी देकर करोड़ों रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। उस समय पुलिस ने सुरक्षा भी उपलब्ध कराई थी, लेकिन इसके बावजूद बदमाशों ने शनिवार रात फायरिंग की वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या यह हमला उसी रंगदारी प्रकरण से जुड़ा हुआ है। अस्प्ताल पहुंचे एसपी कमलदीप मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन है। अस्पताल पहुंचे एसपी कुलदीप गोयल ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया थे। ऐसे में उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें नाकाबंदी करके सर्च ऑपरेशन चलाए हुए थी। रविवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस को सूचना मिली कि फायरिंग की वारदात में शामिल तीनों आरोपी कांसापुर के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही सीआईए की टीमों ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान आरोपी पुलिस को देखकर बाइक पर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग हुई। शहर में डर का माहौल बनाने का था प्रयास गोलीबारी में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा बाइक से गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने तीनों को मौके पर ही काबू कर लिया और उपचार के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किस गैंग से जुड़े हैं और उनके खिलाफ पहले से कौन-कौन से आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि आरोपी रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से शहर में डर का माहौल बनाना चाहते थे। अस्पताल और मॉल जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों को निशाना बनाकर उन्होंने दहशत फैलाने की कोशिश की। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं तथा क्या किसी बड़े गैंग का नेटवर्क इसके पीछे सक्रिय है। संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जा रही नजर घटनाओं के बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। लगातार दो जगह फायरिंग और फिर पुलिस मुठभेड़ की घटना ने यमुनानगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का दावा है कि त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे बड़ी वारदात टल गई। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि इस पूरे मामले के पीछे का सच कब सामने आता है।
यमुनानगर में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, 30 राउंड फायरिंग:पैर में गोली लगने से 2 घायल, तीसरा बाइक से गिरा, अस्पताल-सिटी मॉल पर की फायरिंग
