फायरिंग की सूचना ने रात में रेवाड़ी पुलिस को दौड़ाया:सुराग नहीं मिलने पर खाली हाथ लौटी, गांव में दो पक्षों में विवाद

Spread the love

रेवाड़ी जिले में फायरिंग की सूचना पर पुलिस आधी रात को घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस जब चिल्हड़ गांव में पहुंची, तो मौके पर फायरिंग का कोई सुराग नहीं मिला। गांव के दो पक्षों में वीरवार को विवाद हुआ था। एक पक्ष ने पुलिस को शिकायत दी थी, दूसरे पक्ष ने रात को फायरिंग की सूचना दी। अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी से घटना की सच्चाई का पता लगाने का प्रयास करेगी। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पड़ोसियों ने किया घटना से इनकार गांव चिल्हड़ के रमन ने रात को डायल 112 पर फोन किया। फोन पर बताया कि रात 2.40 पर उसके घर के पास कपिल फायरिंग कर फरार हो गया। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रात के अंधेरे में घटना स्थल पर खाली खोल और गोली चलने की सुराग जुटाने का प्रयास किया। जब पुलिस को कुछ नहीं मिला, तो पूछताछ में पड़ोसियों ने भी गोली चलने की आवाज सुनने से इनकार किया। रमन और कपिल में हुआ था विवाद वीरवार को गांव के रमन और कपिल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कपिल ने शाम को इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को दी। रात को रमन ने कपिल पर अपने घर के पास फायरिंग का आरोप लगा दिया। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी- पुलिस मामले के जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि रात को फायरिंग की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची थी। रात को फायरिंग चलने का कोई सबूत नहीं मिला। अब आसपास लगे सीसीटीवी से घटना की सच्चाई जानने का प्रयास किया जाएगा। गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। वीरवार शाम को जिसकी शिकायत पुलिस को मिली थी। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।