मंदसौर में गुरुवार शाम भाजपा पार्षद की पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वार्ड क्रमांक 15 से भाजपा पार्षद शाहिद मेव की पत्नी रुबीना पर ऑटो में बैठते समय दो बदमाशों ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। सिर पर भी हमला किया। एक जगह से आंतें भी बाहर निकल गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह वारदात गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे शहर के अभिनंदन क्षेत्र में हुई। रुबीना अपने पिता के घर से ऑटो में बैठकर किराए के मकान लौट रही थी। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे। बाइक से उतरे एक युवक ने अचानक चाकू से हमला कर दिया और दोनों आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए। पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार साहिल नामक युवक पर इस वारदात को अंजाम देने का संदेह है, जो परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। डॉक्टर बोली- पहले हो चुकी थी मौत
जिला चिकित्सालय में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर मीतांशी जैन ने बताया कि रुबीना को जब अस्पताल लाया गया, उससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। महिला के शरीर पर चार से पांच चाकू के गहरे निशान थे। सिर पर भी चाकू से वार किया गया था। एक जगह पेट पर गंभीर वार के कारण उसकी आंतें बाहर आ चुकी थीं। पति ने पहली बार लड़ा था चुनाव
फिलहाल मृतका का शव जिला चिकित्सालय में रखा गया है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मृतका रुबीना वार्ड क्रमांक 15 से भाजपा पार्षद शाहिद मेव की पत्नी थी। शाहिद ने साल 2022 में हुए नगर पालिका चुनाव में भाजपा के टिकट पर पहली बार पार्षद का चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। 7 महीने पहले ही हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक शाहिद मेव ने करीब सात महीने पहले रुबीना से तीसरी शादी की थी। रुबीना के पहले से दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। पुलिस निजी और पारिवारिक संबंधों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। भाई बोला- दोषी को सजा मिले
मृतका के भाई पीरु शाह ने बताया कि उसकी बहन घर जा रही थी, तभी हमलावरों ने उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी हो, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। ————– यह खबर भी पढ़ें
भाजपा नेता की हत्या, बाइक सवारों ने गोली मारी
कटनी में नकाबपोश बदमाशों ने भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी बाइक से आए और फायरिंग कर भाग गए। सीने पर गोली लगते ही भाजपा नेता लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर पुलिस पहुंची और भाजपा नेता को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पढ़ें पूरी खबर
भाजपा पार्षद की पत्नी की हत्या, चाकू घोंपे…आंतें बाहर निकलीं:मंदसौर में बदमाशों ने किए 4 से 5 वार, पिता के घर से लौट रही थी
