हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के असिस्टेंट दो प्रोफेसर सस्पेंड:PHD छात्रा ने की थी छेड़छाड़ की शिकायत, एचएयू कमेटी को सौंपी जांच

Spread the love

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के दो असिस्टेंट प्रोफेसरों को वीरवार को सस्पेंड कर दिया गया है। प्रोफेसरों पर पीएचडी छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। इसे लेकर यूनिवर्सिटी की बॉयोटेक्नॉलाजी डिपार्टमेंट की पीएचडी की एक छात्रा ने डीन ऑफ कॉलेज को शिकायत दी थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दोनों असिस्टेंट प्रोफेसर अजीव सांगवान और नवीन कौशिक को सस्पेंड कर दिया है। इस बारे में विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को शिकायत प्राप्त होते ही निष्पक्ष जांच के लिए दोनों वैज्ञानिकों को सस्पेंड कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए जांच समिति गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच कमेटी इन बिंदुओं पर काम करेगी यूनिवर्सिटी की ओर से बनाई गई जांच कमेटी इस मामले में कई बिंदुओं पर काम करेगी। क्या शिकायत में बताए गए समय और स्थान पर आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर और छात्रा वहां मौजूद थे? इसके लिए डिजिटल साक्ष्य (CCTV फुटेज) और अटेंडेंस रजिस्टर की जांच होगी। क्या प्रोफेसरों ने छात्रा के रिसर्च कार्य या पीएचडी थीसिस को लेकर उसे डराने या दबाव बनाने की कोशिश की थी?। क्या आरोपियों के खिलाफ पहले भी किसी अन्य छात्र या छात्रा ने मौखिक या लिखित शिकायत दी थी? क्या इनका आचरण पूर्व में भी संदिग्ध रहा है?। वहीं विभाग के अन्य छात्रों, लैब सहायकों और सहकर्मियों से पूछताछ की जाएगी कि क्या उन्होंने कभी छात्रा के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार होते देखा था? इसके अलावा क्या दोनों पक्षों के बीच व्हाट्सएप, ईमेल या कॉल के जरिए कोई ऐसी बातचीत हुई है जो ‘हैरसमेंट’ की श्रेणी में आती हो और क्या प्रोफेसरों ने अपनी शैक्षणिक स्थिति का फायदा उठाकर छात्रा को अनुचित लाभ देने या नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी?