सोनीपत के एन-44 हाईवे पर मंगलवार की सुबह घने कोहरे के चलते एक्सीडेंट में एक युवक की मौत हो गई। युवक की 25 दिन बाद शादी होनी थी और वह परिवार का इकलौता बेटा था। पानीपत से गन्नौर फैक्ट्री में ड्यूटी पर जा रहे युवक की बाइक हाईवे पर बिना इंडिकेटर खड़ी पिकअप से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे शादी की तैयारियों में जुटा परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर घना कोहरा होना हादसे की वजह पानीपत के समालखा के गांव मछरौली के रहने वाले सुरेश ने बताया कि हादसा मंगलवार सुबह करीब 7 बजे गन्नौर फ्लाईओवर के पास एन-44 हाईवे पर हुआ। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम थी। इसी दौरान हाईवे पर खराब हालत में खड़ी महिंद्रा पिकअप गाड़ी बिना किसी इंडिकेटर या चेतावनी के सड़क किनारे खड़ी थी। बाइक सवार युवक को गाड़ी नजर नहीं आई और उसकी बाइक सीधी पिकअप में जा घुसी। मौके पर ही हुई बाइक सवार की मौत टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भेजा गया। पानीपत से गन्नौर नौकरी के लिए आ रहा था रोहित हादसे में मृतक की पहचान पानीपत के समालखा थाना क्षेत्र के गांव मछरौली निवासी 23 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है। रोहित प्रतिदिन अपने गांव से गन्नौर के बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक फैक्ट्री में गार्ड की नौकरी करने के लिए आता-जाता था। वह पिछले करीब छह महीनों से इस फैक्ट्री में कार्यरत था। परिवार का इकलौता सहारा था रोहित रोहित के दादा सुरेश ने बताया कि रोहित ने 12वीं तक पढ़ाई पूरी करने के बाद परिवार का पालन-पोषण करने के लिए नौकरी शुरू की थी। करीब 12 साल पहले उसके पिता कृष्ण का निधन हो चुका था। घर में मां और दादा-दादी ही थे, जिनका रोहित ही इकलौता सहारा था। 28 फरवरी को तय थी शादी, 15 दिन पहले हुई थी सगाई रोहित की शादी 28 फरवरी को तय की गई थी। गांव मछरौली से उसकी बारात उत्तर प्रदेश के एक गांव जानी थी। करीब 15 दिन पहले ही उसकी सगाई की रस्म पूरी हुई थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था, लेकिन हादसे ने सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। घर में पसरा मातम, मां का रो-रोकर बुरा हाल इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दादा-दादी भी अपने पोते को याद कर बेसुध हैं। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी गन्नौर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पिकअप चालक हादसे के बाद फरार हो गया। आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
सोनीपत में इकलौते बेटे की एक्सीडेंट में मौत:सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकराई बाइक, कोहरे के कारण हादसा, 25 दिन बाद होनी थी शादी
