हरियाणा में मौसम विभाग ने मंगलवार को पूरे प्रदेश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय अधिकांश जिलों में घना से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिला था। जिसके कारण आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक फरवरी को प्रदेश के अनेक हिस्सों में हुई बारिश व ओलावृष्टि के कारण कोहरे का मौसम फिर से बन गया है। वहीं दिन चढ़ने के साथ ही कोहरे का असर कम होगा और धूप निकलने से ठंड में थोड़ी राहत महसूस की जाएगी। फिलहाल दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, जबकि रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है। दिख रहा उतार चढ़ाव मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में यह स्थिति पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव के कारण बनी हुई है। इसी वजह से बीते कुछ दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कहीं-कहीं हल्की ठंड और नमी का असर बना हुआ है, जिससे सुबह-शाम ठंडक महसूस हो रही है। कल से कोहरा छंटने की उम्मीद मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। कल से कोहरे की तीव्रता में कमी आने और मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। अगले सप्ताह से ठंड होगी कम मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार फरवरी माह के पहले सप्ताह के बाद ठंड का प्रभाव काफी हद तक कम हो जाएगा और दिन का तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है। इससे किसानों, यात्रियों और आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है। वाहन ड्राइवर बरतें सावधानी विभाग ने वाहन चालकों को सुबह के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है और कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है।
हरियाणा में घने कोहरे का यलो अलर्ट आज:तापमान में गिरावट, दिन में धूप निकलने का अनुमान, अगले हफ्ते से ठंड होगी कम
