MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:होटल में ब्लास्ट, एम्बुलेंस के बगल में स्टंट; सरकारी हॉस्टल में नाबालिग से रेप, साधुओं को पीटा

Spread the love

MP दिनभर में आज की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज क्या रहा खास… 1. होटल में ब्लास्ट, 2 बच्चों समेत 4 घायल; 20 मीटर दूर तक असर पचमढ़ी के सिनेरिटी होटल में सोमवार सुबह LPG सिलेंडर फट गया। हादसे में महाराष्ट्र के बुलढाना निवासी परिवार के प्रदीप गाड़ोदिया, उनकी पत्नी रीमा, बेटे- मोरेश और नमन घायल हो गए। होटल का कुक राकेश भी झुलसा है। होटल सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजीव शर्मा का है। इसे कांग्रेस नेता पंकज जायसवाल के भतीजे तुषार जायसवाल चला रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर… 2. लोडिंग वाहन ने बाइक-एक्टिवा को मारी टक्कर, 4 घायल; शराब के नशे में था ड्राइवर इंदौर के भंवरकुआ में लोडिंग वाहन ने दो बाइक और एक एक्टिवा को टक्कर मार दी। आईटी पार्क के पास हुए हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें नजदीकी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। पुलिस ने लोडिंग वाहन को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। वह शराब के नशे में था। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि उसकी गाड़ी के ब्रेक फेल हो गए थे। पढ़ें पूरी खबर… 3. गाय ने दूध देना बंद किया तो मृत बछड़े का गला काटकर दीवार पर टांगा टीकमगढ़ में बछड़े की मौत होने के बाद गाय ने दूध देना बंद कर दिया। इस पर गाय के मालिक ने मृत बछड़े का सिर काटकर उसमें भूसा भर दिया। फिर, सिर को दीवार पर लटका दिया ताकि गाय को लगे कि उसका बच्चा वहीं है और वह दूध देने लगे। बजरंग दल के सदस्यों ने घटना के विरोध में चक्काजाम कर दिया। कड़ी कार्रवाई के आश्वासन पर जाम खुल सका। पढ़ें पूरी खबर… 4. अशोकनगर, आगर-मालवा, टीकमगढ़ में बारिश; ग्वालियर में भी बूंदाबांदी
मध्य प्रदेश के अशोकनगर, आगर-मालवा, टीकमगढ़ में सोमवार को बारिश हुई। कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, 3 फरवरी को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बारिश होने के आसार हैं। पढ़ें पूरी खबर… 5. एम्बुलेंस के बगल में स्टंट, मरीज की जान जोखिम में डाली; पुलिस को लिखा- फील माई रील रीवा में हाईवे पर एक युवक ने तेज रफ्तार हैवी बाइक पर खड़े होकर एम्बुलेंस के ठीक बगल में, आगे और पीछे बार-बार स्टंट किए। इससे न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ीं, बल्कि एम्बुलेंस में मौजूद मरीज की जान भी जोखिम में पड़ गई। इसकी रील बनाकर उसने पुलिस को टैग करते हुए लिखा “पुलिस, फील माई रील।” पढ़ें पूरी खबर… 6. सरकारी हॉस्टल में 8वीं की छात्रा से 4 महीने तक रेप, जान से मारने की धमकी देता रहा आरोपी
सागर में सरकारी हॉस्टल में 12 साल की छात्रा से 4 महीने तक रेप किया गया। पेट दर्द होने पर पीड़िता को अस्पताल लाया गया, जहां चेकअप के बाद उसके तीन महीने की गर्भवती होने का पता चला। पीड़िता ने कहा- अल्ताफ नाम का युवक हॉस्टल में सब्जी देने आता था। उसने जान से मारने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। पुलिस आरोपी को तलाश रही है। पढ़ें पूरी खबर… 7. साधुओं को बाल पकड़कर पीटा, ब्राह्मण होने का सबूत मांगा; सवालों के जवाब नहीं देने पर बदसलूकी भिंड में भिक्षा मांग रहे दो कथित साधुओं से एक युवक ने पूछताछ के बाद मारपीट कर दी। वायरल वीडियो के अनुसार, युवक ने साधुओं से उनकी जाति और धार्मिक पहचान के बारे में सवाल पूछे। उनसे ब्राह्मण होने का प्रमाण भी मांगा गया। साधु सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए तो उनकी पिटाई कर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर… पॉजीटिव खबर 8. उज्जैन में गंगा की तर्ज पर होगी शिप्रा आरती, सिंहस्थ से पहले रामघाट का होगा कायाकल्प
उज्जैन में शिप्रा नदी के रामघाट का कायाकल्प होने जा रहा है। सिंहस्थ से पहले रामघाट पर होने वाली शिप्रा आरती को वाराणसी की गंगा आरती की तर्ज पर व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। आरती में लाइटिंग, मंच, वेशभूषा और आध्यात्मिक वातावरण का विशेष ध्यान रखा जाएगा। रामघाट की साज-सज्जा की जाएगी और नए पत्थर लगाए जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर… खबर जरा हटके 9. मूक-बधिर QR कोड से थाने में कर सकेंगे शिकायत, सीधी बना भारत का ऐसा पहला जिला
सीधी अब भारत का पहला ऐसा जिला बन गया है, जहां सभी थानों और पुलिस चौकियों में साइन लैंग्वेज आधारित QR कोड सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। कोई मूक-बधिर व्यक्ति यह QR कोड स्कैन करेगा, तो वह सीधे बेंगलुरु स्थित कॉल सेंटर से जुड़ जाएगा। जहां वालंटियर उसकी बात को समझकर अनुवाद करेंगे और संबंधित पुलिस स्टाफ को बता देंगे। पढ़ें पूरी खबर… बिग इवेंट 10. इंदौर में दूषित पानी से मौतों के मामले में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों के मामले में मंगलवार को कांग्रेस धरना-प्रदर्शन करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौरवासियों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।