हरियाणा में सोमवार को उत्तरी जिलों में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। जबकि दक्षिणी हरियाणा में मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं देखने को मिलेगा। हालांकि यहां पर सुबह के समय घना कोहरा छाने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तरी हरियाणा के आठ जिलों के लिए ठंड का येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई जिलों में बारिश व ओलावृष्टि हुई। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर आज सोमवार भी दिखाई देगा। जिसके कारण हरियाणा के उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। रविवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री की मामूली वृद्धि दर्ज की गई है। भिवानी (AWS) में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यहां छाएगा घना कोहरा इसके अलावा सिरसा, हिसार, भिवानी, जींद, चरखी दादरी व कैथल में घना कोहरा छाएगा। इन क्षेत्रों में सुबह और देर रात को घना कोहरा पड़ने की भी संभावना है। जिससे दृश्यता कम रहेगी। इसलिए वाहन चालकों को सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत है। ठंडी हवाओं का दिखाई देगा असर मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद अब उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का असर दिखाई देगा। इससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने पर तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। रविवार को भी प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। हालांकि आने वाले दिनों में सुबह-शाम ठंड का असर बना रहेगा। तीन-चार दिन पड़ेगा कोहरा मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम प्रणाली से वातावरण में नमी में बढ़ोतरी होने से हरियाणा में आने वाले तीन चार दिनों तक सुबह के घंटों संघन से अति सघन कोहरा देखने को मिलेगा। फरवरी महीने में पहले पखवाड़े में ठंड का सिलसिला जारी रहेगा। जबकि दूसरे पखवाड़े में धीरे धीरे ठंड के तेवर ढीले होने लगेंगे।
हरियाणा के कई जिलों में बूंदाबांदी-कोहरे का अलर्ट:शीतलहर के साथ सताएगी ठंड, रात के तापमान में आएगी गिरावट
