नारनौल में एक्सीडेंट में 4 बेटियों के पिता की मौत:तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी टक्कर, भाई के साथ पैदल जा रहा

Spread the love

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में नांगल चौधरी थाना क्षेत्र के गांव नायन में पैदल जा रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा शनिवार शाम करीब सवा पांच बजे नायन बस अड्डे के पास हुआ। मृतक की पहचान विजय कुमार निवासी गांव नायन के रूप में हुई है। मृतक के भाई अमर सिंह ने बताया कि वह और उसका भाई विजय कुमार खेत में जा रहे थे। जब वे नायन बस अड्डे पर पहुंचे तो अमर सिंह वहीं रुक गया, जबकि विजय कुमार थोड़ी दूर आगे पैदल चला गया। इसी दौरान पीछे से एक ट्रेलर ट्रक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलता हुआ आया और पैदल जा रहे विजय कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय कुमार के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर गिर पड़ा। अमर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक ने वाहन की गति कुछ देर के लिए धीमी की, जिससे उन्होंने ट्रेलर का नंबर नोट कर लिया, लेकिन इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल आसपास के लोगों की मदद से घायल विजय कुमार को एंबुलेंस के माध्यम से सरकारी अस्पताल नांगल चौधरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि ट्रेलर चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि ट्रेलर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पांच हैं भाई बहन अमर सिंह ने इस संबंध में थाना नांगल चौधरी में शिकायत देकर मामला दर्ज करने की मांग की है। बताया गया है कि मृतक विजय कुमार पांच भाई-बहनों में से एक था और सभी भाई-बहन विवाहित हैं। घटना के बाद गांव नायन में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है। वहीं मृतक के चार लड़कियां तथा एक लड़का है।