यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:मंत्री स्वतंत्र देव से भिड़े BJP विधायक, अविमुक्तेश्वरानंद ने योगी से हिंदू होने का सबूत मांगा, रावण की आंख में लगा तीर

Spread the love

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर बीजेपी के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोके जाने को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर अविमुक्तेश्वरानंद के योगी पर दिए बयान से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- मंत्री स्वतंत्र देव का BJP विधायक ने रास्ता रोका, महोबा में 100 प्रधान गाड़ी के आगे खड़े हुए महोबा में भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का रास्ता रोक लिया। चरखारी विधायक ने 100 ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर बीच सड़क पर गाड़ियां लगा दीं। विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की बदहाली को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जहां भी हर घर नल के लिए सड़कें खोदी गईं, उन्हें दोबारा सही नहीं कराया गया। पूरी खबर पढ़ें… 2. अविमुक्तेश्वरानंद बोले- योगी 40 दिन में हिंदू होने का प्रमाण दें, क्या दिखावे के लिए गेरुआ पहना? अविमुक्तेश्वरानंद ने शुक्रवार को वाराणसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा- मुझसे शंकराचार्य होने का प्रमाण पत्र मांगा गया। मैंने वह दे दिया। अब योगी 40 दिन में अपने हिंदू और गो-भक्त होने का प्रमाण दें। अगर वे प्रमाण नहीं दे पाते, तो समझा जाएगा कि आप नकली हिंदू, कालनेमि, पाखंडी और ढोंगी हैं। सिर्फ दिखावे के लिए आपने गेरुआ वस्त्र धारण किया है। पूरी खबर पढ़ें… 3. यूपी के मंत्री अब 50 करोड़ तक खर्च कर सकेंगे, योगी ने बढ़ाई फाइनेंशियल पावर यूपी सरकार ने मंत्रियों की फाइनेंशियल पावर बढ़ा दी है। अब मंत्री 50 करोड़ तक के प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे सकते हैं। पहले यह लिमिट सिर्फ 10 करोड़ तक थी। इसके अलावा 50 करोड़ से 150 करोड़ तक के प्रोजेक्ट्स की मंजूरी वित्त मंत्री देंगे। 150 करोड़ से अधिक की मंजूरी सीएम देंगे। अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सैलरी भी हर महीने फिक्स डेट पर आएगी। पूरी खबर पढ़ें… 4. धीरेंद्र शास्त्री बोले- हम बोलेंगे तो दंगा हो जाएगा, मुसलमानों के यहां हु…हु… हु…और तलाक बांदा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा- हिंदू एक बात नोट कर लें। मुसलमानों को गाली देकर भारत हिंदू राष्ट्र नहीं बनेगा। हिंदुओं को अपनी कुरीतियां सुधारनी पड़ेंगी, तभी भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा। उनके यहां तो कटना ही कटना है। जहां देखो, वहां कटना है। भगवान ही बचाए, हमें कुछ बोलना नहीं है, नहीं तो दंगा हो जाए। पूरी खबर पढ़ें… 5. लखनऊ में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, 275 यात्री थे, मुंबई में उतरने की परमिशन नहीं मिली तो लौटा लखनऊ एयरपोर्ट से सऊदी अरब जा रहे एक विमान की शुक्रवार को इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सूत्रों के मुताबिक, जब विमान मुंबई के पास पहुंचा, तब केबिन प्रेशर में समस्या आ गई। इसके चलते कुछ यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। हालात देखते हुए पायलट ने पहले मुंबई एयरपोर्ट से संपर्क कर लैंडिंग की अनुमति मांगी, लेकिन वहां से परमिशन नहीं मिली। पूरी खबर पढ़ें… अब 8 अहम खबरें… 6. ‘अविमुक्तेश्वरानंद कांग्रेसाचार्य, इनसे सावधान रहिए; रायबरेली में हिंदूवादी नेता की होर्डिंग पर FIR रायबरेली में अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर लगाई गई एक होर्डिंग को लेकर बवाल मचा हुआ है। विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री राहुल सिंह ने इसमें शंकराचार्य को ‘रावण’ और ‘कांग्रेसाचार्य’ बताया है। साथ ही उनसे सावधान रहने की बात कही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने होर्डिंग पर सवाल खड़े करते हुए राहुल के खिलाफ FIR भी कराई है। पूरी खबर पढ़ें… 7. स्वामी प्रसाद बोले- भाजपा की नीति ‘सांप मर जाए, लाठी भी न टूटे’; ये OBC और सवर्णों को लड़ा रही बीजेपी सरकार में पूर्व मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य ने यूजीसी के नए नियमों पर लगी SC की रोक पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भाजपा दोहरी रणनीति पर काम कर रही है। उनका काम केवल OBC और सर्वसमाज को लड़ाने का है। अगर कानून सही था तो क्या जानबूझकर कमजोर पैरवी कराई गई ताकि कानून रुक जाए और सरकार दोनों तरफ से बच जाए। 8. BMW से जा रही महिला यूट्यूबर से छेड़खानी, नोएडा में कार सवारों ने 27 Km पीछा किया ग्रेटर नोएडा में जानी-मानी महिला यूट्यूबर का कार सवारों ने पीछा किया। आरोप है कि दिल्ली के DND फ्लाईओवर से लेकर ग्रेटर नोएडा के परी चौक तक करीब 27 किमी तक युवकों ने बार-बार ओवरटेक किया। चलती कार की विंडो से लटकर अश्लील इशारे किए। सिलसिला महिला के घर पहुंचने तक चलता रहा। इससे वह इन्फ्लुएंसर घबरा गई और कार रोक दी। पूरी खबर पढ़ें… 9. 31 शिकायतों के बाद 20 करोड़ की ठगी का खुलासा, शामली में दो ‘नटवर लाल’ गिरफ्तार शामली पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर देशभर में ठगी करने वाले दो नटवर लाल गिरफ्तार किए हैं। जिनके जरिए 20 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक ठग ‘नित्याचौधरी ट्रेडिंग कंपनी’ के नाम से बैंक खाता संचालित कर रहा था। गृह मंत्रालय को इस खाते से जुड़ी 31 शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। पूरी खबर पढ़ें 10. कानपुर में युवक बोला- जबरन धर्म परिवर्तन हो रहा, इसलिए अपनी जान दे रहा कानपुर में एक युवक ने यह कहकर जान दे दी कि उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया जा रहा। गुरुवार रात को वो फंदे से लटक गया। इससे पहले युवक ने वीडियो बनाया। इसमें कहा- “मैं दीपक सिंह गौर… मेरा धर्म परिवर्तन किया जा रहा है, लेकिन मैं धर्म के रास्ते रहूंगा, जिस तक भी ये वीडियो पहुंचे, वो ध्यान दें कि भारत में गांजा बंद हो और नारी का सम्मान हो।” पूरी खबर पढ़ें 11. झांसी में बॉयफ्रेंड के घर के बाहर धरने पर बैठी गर्लफ्रेंड, बोली- दूसरी शादी कर रहा झांसी में दो मासूम बच्चियों के साथ महिला अपने प्रेमी के घर के बाहर धरने पर बैठ गई । उसने कहा कि डेढ़ साल से बॉयफ्रेंड के साथ लिव इन में रह रही है। हमारी 8 महीने की एक बेटी भी है। अब बॉयफ्रेंड चोरी छिपे किसी और से शादी कर रहा है। महिला ने बताया कि मैं अपने पति को छोड़ चुकी हूं। फिर मैं अपने बॉयफ्रेंड के साथ किराए के कमरे में रहने लगी। पूरी खबर पढ़ें… 12. बरेली में 20 करोड़ हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़, क्राइम ब्रांच ने मास्टरमाइंड को दबोचा बरेली में फर्जी फर्मों के जरिए करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले एक बड़े GST रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। क्राइम ब्रांच की SIT ने जाल बिछाकर मेरठ के रहने वाले मास्टरमाइंड योगेश शर्मा को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल के जरिए अब तक करीब 20 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) डकार चुका है। पूरी खबर पढ़ें… 13. सोनभद्र में रावण की आंख में लगा तीर, श्रीराम बने कलाकार पर SC/ST में केस सोनभद्र के खैरा गांव में रामलीला के दौरान बड़ा हादसा हो गया। श्रीराम का किरदार निभा रहे युवक के चलाए गए तीर से रावण की भूमिका निभा रहे कलाकार की एक आंख की रोशनी चली गई। घायल कलाकार का इलाज वाराणसी में चल रहा है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कलाकार और आयोजनकर्ता के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। खबर जो हटकर है… 14. महोबा जेल में बच्ची का ढोल-नगाड़ों से स्वागत, फूलों से सजी एंबुलेंस से लाई गई महोबा जिला जेल में बंद एक हत्यारोपी महिला ने बच्ची को जन्म दिया। बेटी के जन्म की सूचना जेल प्रशासन को मिली तो बच्ची के भव्य स्वागत की तैयारी की गई। जिला अस्पताल से लेकर जिला कारागार तक फूलों और गुब्बारों से सजी एंबुलेंस से बच्ची को लाया गया। एंबुलेंस के आगे ढोल नगाड़े बजते रहे। जेल के गेट पर बच्ची की आरती उतारी गई। पूरी खबर पढ़ें… कल कैसा रहेगा मौसम… 15. 33 जिलों में धूप नहीं निकलेगी, सर्द हवाएं चलेंगी 31 जनवरी को मुरादाबाद, बरेली और बहराइच-श्रावस्ती समेत 30 जिलों में कोहरे का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 से 40 किमी स्पीड से सर्द हवाएं चलेंगी। साथ ही 33 जिलों में धूप नहीं निकलेगी। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…