गुरुग्राम में 10 बड़े स्कूलों को उड़ाने की धमकी:ईमेल में बम रखने की सूचना दी; बच्चों को बाहर निकाला, पुलिस और रेस्क्यू टीमें पहुंची

Spread the love

हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम में 10 बड़े और प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एहतियात के तौर पर स्कूलों में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। बच्चों को भी सुरक्षा के हिसाब से बाहर निकाला जा रहा है। गुरुग्राम में जिन 10 बड़े स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें कुंसकपालन स्कूल (DLF फेज-1), लैंसर्स स्कूल (सेक्टर-53) और हेरिटेज एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल (सेक्टर-64) और बादशाहपुर स्थित पाथवे वर्ल्ड, शिव नादर स्कूल डीएलएफ फेज -1, श्री राम अरावली स्कूल, मानव रचना सेक्टर 50, मानव रचना सेक्टर 46 , लोट्स वैली और शालोम हिल्स इंटरनेशनल स्कूल के नाम शामिल हैं। स्कूलों को बम धमकी वाला ईमेल मिला है। पुलिस और जांच टीमें पहुंची सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए। SDRF की टीम भी शहर भर में सहायता के लिए बुलाई गई है और जांच कार्य में जुटी हुई है। सभी स्कूलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर है। छात्रों-स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी सावधानियां बरती जा रही हैं। जांच जारी है। ईमेल के माध्यम से मिली धमकी सभी स्कूलों के प्रबंधन की तरफ से बताया गया है कि सुबह के समय उन्हें ई मेल के माध्यम से धमकी मिली है। जिसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस धमकी का पता उस समय चला जब बच्चों का स्कूल आने का समय हो गया था। पेरेंट्स को मैसेज भेजा बसें बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचने लगी थी। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन की तरफ से पेरेंट्स को मैसेज भेजा गया कि वे अभी बच्चों को स्कूल न भेजें। जो बच्चे स्कूल में आ चुके हैं, उन्हें बाहर भेजा गया।