जींद जिले में दो चांदी व्यापारियों से लूट की घटना सामने आई है। चार अज्ञात बदमाशों ने मोटरसाइकिल सवार व्यापारियों को रास्ते में रोककर उनके दो बैग छीन लिए और फरार हो गए। यह वारदात थाना सदर सफीदों क्षेत्र के गांव बुडा खेड़ा के पास नवरी पेट्रोल पंप के नजदीक हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मार्केटिंग कर लौट रहे थे व्यापारी जींद की श्याम नगर कॉलोनी निवासी सन्नी और उनके पार्टनर संदीप (निवासी रामराय) चांदी की अंगूठियां और लॉकेट दुकानों पर सप्लाई करने का काम करते हैं। वे दिल्ली की एक कंपनी से माल लेकर हरियाणा के अलग-अलग शहरों में बेचते हैं। बदमाशों ने पेट्रोल पंप के पास घेरा सन्नी ने बताया कि जब वे गांव बुढ़ाखेड़ा के पास नावरी पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे, तो दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। जैसे ही सन्नी ने बाइक रोकी, एक युवक ने उन्हें जोर से लात मारी। बाइक सन्नी के ऊपर गिर गई। इससे पहले कि दोनों संभल पाते, बदमाश उनके पास रखे दोनों बैग छीनकर फरार हो गए। इन बैगों में चांदी की अंगूठियां और लॉकेट भरे हुए थे। थाने के चक्कर में हुई देरी पीड़ितों ने बताया कि वारदात के बाद वे पहले पिल्लूखेड़ा थाने चले गए थे, लेकिन घटना क्षेत्र सदर सफीदों का होने के कारण उन्हें वहां भेजा गया, जिस वजह से शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई। व्यापारियों ने कहा कि वे चोरी हुए माल का पक्का बिल दिल्ली की कंपनी से मंगाकर पुलिस को सौंप देंगे। केस दर्ज, जांच जारी सदर सफीदों थाना पुलिस ने सन्नी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) (झपटमारी/लूट) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा पेट्रोल पंप और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है। संदिग्ध बाइकों और बदमाशों के हुलिए के आधार पर धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
जींद में चांदी के जेवर से भरे 2 बैग लूटे:बदमाशों ने लात मारकर बाइक से गिराया; दो थानों की पुलिस के बीच उलझे व्यापारी
