हरियाणा के अंबाला छावनी स्थित सैन्य क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गणतंत्र दिवस के राष्ट्रीय पर्व के बीच, यहां तैनात एक अग्निवीर जवान ने संदिग्ध परिस्थितियों में सुसाइड कर लिया। उसका शव कार्यालय में फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के कमालपुर गांव निवासी 23 वर्षीय मोइन खान के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, मोइन खान सेना की 11 ग्रेनेडियर यूनिट की क्लर्क विंग में कार्यरत थे। जब उनके साथी जवान कार्यालय पहुंचे, तो उन्होंने मोइन को पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया। आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारकर मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। नागरिक अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। दिसंबर 2026 में पूरा होना था कार्यकाल पुलिस चौकी प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि मोइन खान की नियुक्ति अग्निवीर योजना के तहत वर्ष 2022 में हुई थी। उनका सेवा कार्यकाल दिसंबर 2026 में समाप्त होने वाला था। शुरुआती जांच और सैन्य अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, मोइन खान पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। हालांकि, आत्महत्या के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। परिवार का इकलौता सहारा थे मोइन 23 वर्षीय मोइन खान एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता हापुड़ में खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मोइन अपने भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे (एक बड़ी बहन और एक छोटा भाई)। घर की आर्थिक जिम्मेदारी और भविष्य की उम्मीदें मोइन पर ही टिकी थीं। जवान की मौत की खबर मिलते ही गांव कमालपुर में शोक की लहर दौड़ गई है।
अंबाला कैंट में UP के अग्निवीर ने किया सुसाइड:ऑफिस में लगाया फंदा; दिसंबर में पूरा होना था कार्यकाल, अकेला कमाने वाला था
