यूपी की बड़ी खबरें:सपा सांसद बोले- संजय निषाद का पूरा खानदान दलाली करता है, राजनीति में आने के लिए मेरे पैरों में पड़कर रोया

Spread the love

सुल्तानपुर में सपा के सांसद राम भुआल निषाद ने कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद को लेकर विवादित बयान दिया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान सपा सांसद राम भुआल निषाद ने कहा, संजय निषाद और उनका पूरा खानदान समाज की दलाली करता है। संजय निषाद मेरा पैर पकड़कर, पैरों में रोकर राजनीति में आया था। उसी समय वह स्थापित हुआ और उसकी जान बची। मेरे पांव में आकर पड़ता था। अब वह खुद को नेता समझने लगा है। मुझे बोलता है। मैं नेता नहीं, वह नेता है। वह और उसका पूरा परिवार समाज की दलाली करता है। यह बात अब समाज और लोग अच्छी तरह समझ चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर… अलीगढ़ में स्पा सेंटर में 7 लड़कियां पकड़ी गईं, बक्से खोलकर पुलिस ने ढूंढा अलीगढ़ में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट को पुलिस ने पकड़ा है। रविवार शाम को समद रोड स्थित मंगलम कॉम्प्लेक्स में ‘क्लासिक’ और ‘क्लाउड-7’ नाम के दो स्पा सेंटरों पर छापा मारकर 7 युवतियों समेत कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने स्पा सेंटर के बेड बॉक्स को भी खोलकर देखा, उन्हें शक था कि छापेमारी के दौरान इसमें लड़कियां छिपी हो सकती हैं। सीओ सर्वम सिंह के मुताबिक, पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर भेजा गया। इसके बाद पूरा मामला सामने आया। पढ़ें पूरी खबर… मेरठ में कपसाड़, ज्वालागढ़ में हटी फोर्स, 8 दिन बाद दोनों गांवों में माहौल सामान्य मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के ज्वालागढ़ और कपसाड़ गांवों में आठ दिन बाद हालात सामान्य होने पर पुलिस फोर्स हटा ली गई है। दोनों गांवों में बीते कई दिनों से तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल और आरएएफ की तैनाती की गई थी, साथ ही आवागमन के रास्ते भी सील कर दिए गए थे। अब स्थिति काबू में होने के बाद फोर्स हटा दी गई है, हालांकि एहतियात के तौर पर कुछ पुलिसकर्मी अभी गांवों के आसपास तैनात हैं, जिन्हें एक-दो दिन में हटा लिया जाएगा। फोर्स हटने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि प्रतिबंधों के चलते उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ज्वालागढ़ में 5 जनवरी को मुजफ्फरनगर निवासी सोनू कश्यप की हत्या के बाद मामला तूल पकड़ गया था, जबकि कपसाड़ गांव में 8 जनवरी को दलित युवती की मां की हत्या और अपहरण की घटना से तनाव फैल गया था। दोनों ही मामलों में जातीय तनाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने धारा 144 लागू कर गांवों को छावनी में तब्दील कर दिया था। पुलिस ने ज्वालागढ़ हत्याकांड का खुलासा कर नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। वहीं कपसाड़ मामले में आरोपी युवक पारस सोम न्यायिक हिरासत में जेल में है। प्रशासन का कहना है कि दोनों गांवों में अब शांति है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… अलीगढ़ में 60 लाख की चोरी, शादी में गया था परिवार, ताला तोड़कर घर में घुसे, कैश और ज्वैलरी लेकर भागे अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र स्थित एफएम टावर के पास सागर कॉलोनी में शनिवार रात बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के शादी समारोह में जाने के दौरान सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने गेट का ताला तोड़ा और करीब 20 मिनट के भीतर घर से 60 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और लगभग सवा लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चार संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं। रात में परिवार के लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद क्वार्सी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें दो युवक पहले खाली बैग और बाद में भरे बैग के साथ नजर आए। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस बड़ी चोरी का खुलासा किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर… गाजियाबाद में बागपत के दो युवकों की मौत, नाहली गांव में भूसे में दबकर हादसा, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव गाजियाबाद के नाहली गांव के पास एक सड़क हादसे में दो युवकों की सोमवार की सुबह करीब 5 बजे मौत हो गई। ये दोनों ही युवक बागपत जिले के रहने वाले थे। भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से यह हादसा हुआ। मौजूद लोगों ने बताया कि भूसा दोनों युवकों पर गिर गया। जिससे वे भूसे के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान पुराना कस्बा क्षेत्र के मोहल्ला केतीपुरा निवासी आकिब पुत्र कोको और हाशिम पुत्र आरिफ के रूप में हुई है। पढ़िए पूरी खबर