रतलाम की बंदूक की दुकान में धमाका:4 लोग गंभीर झुलसे; चश्मदीद बोले- लोगों ने दौड़कर जान बचाई, FSL टीम जांच में जुटी

Spread the love

रतलाम में बंदूक की दुकान में सोमवार को हुए धमाके में एक ग्राहक समेत 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके के बाद दुकान में आग लग गई। तीन घायलों को जिला अस्पताल में जबकि ग्राहक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रतलाम जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए तीन लोगों को पहले मेडिकल कॉलेज, फिर इंदौर रेफर किया गया है। कुछ देर बाद ग्राहक को भी इंदौर रेफर कर दिया गया। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची, जिसने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, शहर के चांदनी चौक में अब्दुल कादरी के नाम से आर्म्स की दुकान है। दुकान में बंदूकें रखी हुई हैं। खाली कारतूस मिले हैं। बताया जा रहा है कि दुकान में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। जिससे चिंगारी बारूद पर जा गिरी। इससे धमाका हुआ है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से आग पर काबू पाने और राहत कार्य के प्रयास किए गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर बारीकी से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुकान में रखा बारूद फटा या धमाके की वजह कुछ और थी। फिलहाल, घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। ये 4 लोग गंभीर रूप से झुलसे…
1. युसूफ अली, उम्र 58 वर्ष (आर्म्स शॉप ऑनर)
2. नाजिम, उम्र 32 वर्ष
3. शेख रफीकुद्दीन, उम्र 35 वर्ष
4. संदीप पाटीदार, उम्र 35 वर्ष धमाके के बाद की तस्वीरें… कारतूस का बारूद लेने आया था संदीप
संदीप पिता शंकर लाल पाटीदार तितरी का रहने वाला है। खेती बाड़ी करता है। लाइसेंसी बंदूक के लिए कारतूस का बारूद लेने दुकान पर आया था। हादसे में संदीप का चेहरा, पैर और जांघ झुलस गए हैं। प्रत्यक्षदर्शी बोले- लोग जलते हुए भागे
सराफा व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष झमक भरगट ने बताया कि यहां बंदूकों और बारूद का काम होता है। लोग कह रहे हैं कि यहां वेल्डिंग का काम चल रहा था, लेकिन मुझे ऐसा लगता है कि यहां बारूद था। उसकी चिंगारी से आग फैली और भड़ाभड़-भड़ाभड़ आवाज आई। इसके बाद यहां से जलते हुए लोग भागे। हमने महापौर को मोबाइल पर कहा कि फायर ब्रिगेड भेजो। एएसपी बोले- हादसा चिंगारी से हुआ है
एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि चांदनी चौक में युसूफ की दुकान है, जहां लाइसेंसी हथियार रखे हुए थे। हमें यहां विस्फोट की सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच में पता चला है कि घटना में 4 लोग झुलसे हैं। एफएसएल की टीम मौके पर बुला ली गई है, जो जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर सामने आया है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से यह हादसा हुआ है। हालांकि, विस्फोट की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। एसपी अमित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सारे तथ्यों की जांच की जा रही है। ये खबर भी पढ़ें… मां के सामने जिंदा जला बेटा, मकान में आग लगी शहडोल में कच्चे मकान में आग लग गई, जिसमें एक युवक जिंदा जल गया। युवक की मां वहीं मौजूद थी, लेकिन उसे बचा नहीं पाई। पुलिस के अनुसार, गीता पटेल (45) अपने मकान के एक कमरे में सो रही थी, जबकि बेटा अमित (18) दूसरे कमरे में था। अचानक घर में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख गीता बाहर की तरफ भागी, लेकिन बेटा अंदर ही फंसा रह गया। पढ़ें पूरी खबर…