सिरसा जिले के ऐलनाबाद क्षेत्र के उमेदपुरा के पास देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बाइक और ऑटो की टक्कर में बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान मल्लेवाला निवासी सुमित्रा और उनके बेटे छिंदरपाल के रूप में हुई है। घायल लड़की सुमित्रा की बेटी है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, तीनों मोजू की ढाणी में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी से वापस अपने घर मल्लेवाला लौटते समय रास्ते में उनकी बाइक (HR 24 A 3604) एक ऑटो से टकरा गई। मामले की जांच कर रही पुलिस इस मामले में जांच अधिकारी (आईओ) सब इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि उन्हें देर शाम घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मां-बेटे मृत पाए गए, जबकि लड़की गंभीर हालत में थी। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस ने बताया कि परिवार वालों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ऐलनाबाद में बाइक-ऑटो की टक्कर:हादसे में मां-बेटे की मौत, बेटी गंभीर; शादी से वापस लौटते वक्त हुआ हादसा
