हिसार में पटाखों से भरे ट्रक में ब्लास्ट:ब्रेकर पर गाड़ी के उछलने के कारण हादसा, ट्रक की बॉडी फटी

Spread the love

हिसार जिले के भिवानी रोहिल्ला गांव के पास शुक्रवार को पटाखों से भरी एक गाड़ी में अचानक विस्फोट हो गया। यह घटना सड़क पर बने एक ब्रेकर पर गाड़ी के उछलने के कारण हुई। विस्फोट इतना तेज था कि ट्रक की बॉडी फट गई और सड़क पर पटाखे बिखर गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह ट्रक करनाल से पटाखों की खेप लेकर मध्य प्रदेश की ओर जा रहा था। जैसे ही गाड़ी ब्रेकर से उछली, पटाखों में धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सतर्क हो गए और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित हो गया। ट्रक को रिहायशी इलाके से बाहर निकाला विस्फोट के बाद ट्रक ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को तुरंत गांव के रिहायशी इलाके से बाहर निकाला। ड्राइवर ने बिना देरी किए दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। राहत की बात यह रही कि विस्फोट के बावजूद ट्रक में आग नहीं लगी। यदि आग लग जाती तो रिहायशी इलाके के पास एक बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में पटाखे बिखर गए, जिन्हें आसपास के लोग उठाकर अपने घरों को ले गए। घटना के पास पुलिस मौके पर पहुंची घटना की सूचना मिलने पर बालसमंद पुलिस चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर जयबीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दमकल विभाग को सूचित कर हालात का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह विस्फोट कुछ देर बाद गांव के अंदर होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विस्फोटक सामग्री ले जाने वाले वाहनों की नियमित जांच की जाए और रिहायशी इलाकों से ऐसे वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।