फतेहाबाद जिले के जाखल में शहरवासियों और आसपास के गांवों के लोगों ने जाखल गांव की ओर जाने वाली सड़क को जाम कर दिया। यह विरोध रेलवे द्वारा रूट को बंद कर रेलवे लाइन के ऊपरी हिस्से का काम शुरू करने के प्रयास के खिलाफ रहा। रेलवे ने इस मार्ग को बंद करने का प्रयास किया, लेकिन आमजन ने इसका विरोध किया और सड़क को बंद नहीं होने दिया। माल गाड़ियों का निकलना मुश्किल रेलवे ने जेसीबी से सड़क उखाड़ने का काम भी शुरू किया था, जिसे लोगों के विरोध के बाद रोक दिया गया। रेलवे जाखल जंक्शन से गुजरने वाली माल गाड़ियों के लिए डबल ट्रैक की सुविधा शुरू करना चाहती है। इसके लिए मौजूदा पुल की ऊंचाई कम होने के कारण माल गाड़ियों का निकलना मुश्किल है, इसलिए रेलवे ओवरब्रिज को ऊंचा करने की योजना बना रही है। ऑप्शनल मार्ग की सुविधा की मांग धरने पर बैठे लोगों ने मांग की, कि रेलवे अधिकारियों को पहले आवाजाही के लिए ऑप्शनल मार्ग की सुविधा देनी चाहिए, उसके बाद ही काम शुरू करने दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में किसान यूनियन एकता उग्रहा, पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति, ट्रक यूनियन जाखल और राइस मिल एसोसिएशन के सदस्य सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। लोगों का कहना था कि सड़क बंद होने से उन्हें आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि कोई ऑप्शनल रास्ता नहीं बचेगा। थाना प्रभारी समझाने में जुटे लोगों का रोष बढ़ता देख जाखल थाना प्रभारी सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उपमंडल अधिकारी टोहाना से बात हुई है और जब तक जाखल शहर को कोई अस्थायी रास्ता नहीं मिलता, तब तक इस मार्ग को बंद नहीं किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने सहमति जताई और धरना समाप्त कर दिया।
जाखल में ग्रामीणों ने सड़क की जाम:रेलवे लाइन के कार्य को लेकर विरोध; पुलिस के आश्वासन पर धरना समाप्त
