यूपी सरकार में श्रम एवं सेवा नियोजन मंत्री अनिल राजभर शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भड़क गए। उन्होंने ओमप्रकाश राजभर और उनके समर्थकों को चोर तक कहा। दरअसल, वाराणसी के सुहेलदेव पार्क में महाराजा सुहेलदेव राजभर की जयंती मनाई जा रही थी। मंच से अनिल राजभर महाराजा सुहेलदेव के बारे में बता रहे थे। इसी बीच पीला गमछा पहने ओपी राजभर के समर्थक नारेबाजी करने लगे। पहले तो आयोजकों ने नारेबाजी कर रहे लोगों को रोकने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। यह देख अनिल राजभर आग बबूला हो उठे। मंच से ही अनिल राजभर ने कहा- जैसे इनके नेता चोर हैं, वैसे ही ये सब हैं। समाज को बेचने का काम करते हैं। मंत्री राजभर ने अपने समर्थकों की तरफ इशारा करते हुए कहा- इन सभी को यहां से बाहर किया जाए। इसके बाद ओपी राजभर के समर्थकों को अनिल राजभर के समर्थकों ने कार्यक्रम स्थल से बाहर करना शुरू किया। माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था। गठबंधन के पक्ष में नहीं थे अनिल राजभर
अनिल राजभर शुरू से ही ओम प्रकाश राजभर की पार्टी सुभासपा से गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं। 2017 के चुनाव में भाजपा और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के बीच गठबंधन था। 2017 के चुनावों में अनिल राजभर भी शिवपुर सीट भाजपा से जीत कर विधायक बने। लेकिन 2022 के विधान सभा चुनाव में सुभासपा के ओपी राजभर ने सपा संग गठबंधन कर अनिल राजभर की सीट से अपने बेटे अरविंद राजभर को टिकट दे दिया। लेकिन इस चुनाव में भी भाजपा के अनिल राजभर विजेता साबित हुए। इसके बाद से ही इन दोनों नेताओं के बीच आपसी अदावत और तेज हो गई। 2024 के लोकसभा चुनाव में ओपी राजभर एक बार फिर पाला बदल कर भाजपा के साथ आ गए और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री बन गए। ओपी राजभर ने भाजपा नेतृत्व से की बात
सूत्रों का कहना है कि ओपी राजभर ने अनिल राजभर के बयान के बाद भाजपा नेतृत्व से बात कर इस तरह की बयानबाजी पर आपत्ति जताई है। ओपी राजभर ने इस संबंध में फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार किया है। इससे पहले एनडीए के दूसरे सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के खिलाफ योगी सरकार के गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के खिलाफ भाजपा के निषाद नेता भी बयानबाजी कर चुके हैं। —————— यह खबर भी पढ़िए:- अविमुक्तेश्वरानंद बोले- केशव मौर्य समझदार, CM बनाना चाहिए:5 दिन से धरने पर बैठे शंकराचार्य को तेज बुखार, 5 घंटे वैन में लेटे रहे ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य को समझदार नेता बताया। उन्होंने कहा- डिप्टी सीएम समझदार हैं, वो समझते हैं कि हमारे अफसरों से गलती हुई है। वह समझते हैं कि मामले को इस तरह से बढ़ाया नहीं जाना चाहिए। इससे हमको नुकसान हो रहा है। ऐसे समझदार व्यक्ति को मुख्यमंत्री होना चाहिए। जो अकड़ में और जिद में बैठा हो, उसे मुख्यमंत्री नहीं होना चाहिए। पढ़ें पूरी खबर…
मंत्री अनिल राजभर ने ओपी राजभर को चोर कहा, VIDEO:वाराणसी में सुभासपा समर्थकों पर भड़के, धक्के देकर कार्यक्रम से बाहर कराया
