फरीदाबाद जिले में कर्ज और पुलिस कार्रवाई के डर से परेशान एक व्यक्ति ने ओल्ड फरीदाबाद थाने के अंदर जहर खा लिया। पुलिस ने उसको एक मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। घटना के बाद व्यक्ति की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। बड़े भाई से 2 लाख कर्ज लिया बूढ़ कालोनी में किराए के मकान में रहने वाले पंकज शर्मा की पत्नी ने बताया कि उसके पति ने करीब डेढ़ साल पहले अपने भाई रामबाबू ज्ञानेन्द्र से 2 लाख रूपए का कर्ज लिया था। उसके पति एक प्राईवेट कपंनी में काम करते है। 2 लाख में से एक लाख रूपए वापस लौटा चुके है, लेकिन पिछले कई महीनों से उसके पति को बकाया एक लाख रूपए के लिए बहुत ज्यादा परेशान किया जा रहा था। पुलिस पर मारपीट का आरोप पत्नी का आरोप है कि रामबाबू ज्ञानेन्द्र और उसकी पत्नी मंजू पैसे की मांग को लेकर पंकज को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी को लेकर उन्होंने ओल्ड फरीदाबाद थाने में शिकायत दी थी। जिसके बाद पंकज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। महिला का यह भी आरोप है कि इससे पहले जब वे थाने गए थे, तब एक पुलिसकर्मी ने पंकज के साथ मारपीट की थी। थाने के अंदर खाया जहर शुक्रवार को पुलिस के बुलाने पर पंकज अपनी पत्नी और मां के साथ थाने पहुंचा था। आरोप है कि पुलिस द्वारा दोबारा मारपीट किए जाने के डर और पैसे के दबाव के चलते पंकज ने थाने के अंदर ही जहर खा लिया। पुलिस बोलीं- ब्लैकमेलिंग का केस मामले में ओल्ड थाना प्रभारी विष्णु मित्र ने बताया कि मंजू नामक महिला की शिकायत पर पंकज के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज है। मंजू का आरोप है कि पंकज ने उसकी अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया। इसी मामले में पूछताछ के लिए पंकज को बुलाया गया था। थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान पंकज ने चूहे मारने की दवाई खा ली, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पंकज का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कर्ज से परेशान व्यक्ति ने थाने में खाया जहर:फरीदाबाद से दिल्ली रेफर, पत्नी बोलीं-पुलिस ने बुलाकर पीटा, भाई से लिए थे 2 लाख
