पलवल जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसानों के बीच चल रहा जमीनी विवाद एक बार फिर हिंसक हो गया। माहौली गांव के पास जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के धारागढ़ी गांव के दर्जनों लोगों ने हथियारों से लैस होकर हरियाणा के एक किसान पर हमला कर उसे बंधक बनाकर ट्रैक्टर सहित यमुना नदी में डुबोने का प्रयास किया। हसनपुर थाना पुलिस ने 30 लोगों के खिलाफ अपहरण, हत्या के प्रयास और लूटपाट केस दर्ज कर लिया है। खेत से गन्ना लेकर लौटते समय हुआ हमला माहौली गांव के रहने वाले मेघसिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे अशोक और भतीजे गिरवर के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में खेत से गन्ना भरकर शुगर मिल पलवल ले जा रहे थे। जैसे ही उनका ट्रैक्टर रैनीबेल रोड पर पहुंचा था। तभी घात लगाकर बैठे जिला अलीगढ़ (यूपी) के धारागढ़ी (हाल निवासी चंडीगढ़ का नंगला) गांव के ललित, पोटा, कुम्मन, बच्चू, भरत, प्रमोद, सतपाल, जगन, गिरराज, चंद्रवती, जोगेन्द्र, संती, संगीता, राम सिंह, जगबीर, बल्ली, राहुल, चरण, दीपचंद, तोता, सुंदर, महेश, महेंद्र, देवकरण, नथोली, शिवकुमार, कल्लू, जग्गो, लीला और आठ-दस अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों के पास अवैध देसी कट्टे, बंदूक, फरसा और लाठी-डंडे थे। आरोप है कि उन्होंने अशोक के सीने पर कट्टा तान दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद अशोक को बंधक बनाकर ट्रैक्टर की सीट से रस्सी से बांध दिया और ट्रैक्टर सहित यमुना नदी की ओर ले गए। आरोप है कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर सहित नदी में कूदवा दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर आरोपी फरार मेघसिंह और अन्य ग्रामीणों ने जब शोर मचाया तो आरोपी हवाई फायर करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान आरोपियों ने अशोक के गले से सोने की चैन, अंगूठी, डीजल के आठ हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन भी लूट लिए। पुलिस ने ट्रैक्टर निकाला, घायल को अस्पताल में भर्ती कराया पीड़ित ने तुरंत डायल 112 और हसनपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यमुना नदी में डूबे ट्रैक्टर को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। घायल अशोक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहले भी कर चुके हैं हमला, लगातार दे रहे धमकियां पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी पहले भी 19 दिसंबर 2025 को गांव के लोगों पर हमला कर चुके हैं, जिसका मुकदमा पहले से ही हसनपुर थाना में दर्ज है। आरोपियों ने धमकी दी है कि वे पुलिस कार्रवाई से नहीं डरते। पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी हसनपुर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामले में 29 नामजद सहित 30 लोगों के खिलाफ अपहरण, हत्या के प्रयास, लूट और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
पलवल में हरियाणा के किसान पर हमला:ट्रैक्टर से बांध यमुना नदी में डुबोने का प्रयास, ग्रामीणों को देख भागे UP के लोग
