रेवाड़ी में नागल पठानी स्टेशन के पास एक युवक ने मालगाड़ी के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान गांव मुरलीपुर निवासी 23 वर्षीय अतर सिंह के रूप में हुई है। अतर सिंह के परिवार में पिछले 9 दिन में तीन मौत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, पहले भतीजी और फिर मां की मौत के बाद बुधवार देर शाम अतर सिंह ने अपनी जान दे दी। सूचना के बाद दादरी जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। 13 को भतीजी और 17 को मां की मौत बताया जाता है कि अतर सिंह अविवाहित था और गांव में ही मजदूरी करता था। बुधवार को वह रेलवे लाइन पर पहुंचा। जहां उसने नागल पठानी स्टेशन के पास कोसली से रेवाड़ी की तरफ जा रही मालगाड़ी के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। इससे पहले बीमारी के चलते 13 जनवरी को अतर सिंह की तीन माह की भतीजी और 17 जनवरी को मां की मौत हो गई थी। पिता की मौत 2015 में ही हो गई थी। मानसिक रूप से परेशान था अतर सिंह अतर सिंह के ताऊ के बेटे मनोज ने बताया कि परिवार में अचानक हुई दो मौतों से अतर सिंह मानसिक रू से परेशान रहता था। शायद परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया है। अतर सिंह और मैं दोनों मजदूरी करते थे। पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। 9 दिन में हमारा हंसता देखता परिवार खत्म हो गया। अब परिवार में मेरे अलावा मेरी ढाई साल की बेटी और पत्नी ही बची है। मामले की जांच कर रही पुलिस दादरी जीआरपी चौकी से मामले की जांच अधिकारी भतेरी देवी ने बताया कि सूचना के बाद शव कब्जे में लिया था। पोस्टमॉर्टम करवाकर शव आज परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार ने मानसिक परेशानी बताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रेवाड़ी में 9 दिन में एक परिवार में 3 मौतें:पहले बीमारी से भतीजी-मां की मौत, अब युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान
